Mathura News:1500 करोड़ से अधिक के लेन-देन के रिकॉर्ड लेकर लौटी आयकर टीम – Income Tax Team Returns With Records Of Transactions Exceeding 1500 Crore
मथुरा। आयकर विभाग की मथुरा-वृंदावन में पांच दिन तक चली छापेमारी मंगलवार शाम समाप्त हो गई। आधा दर्जन से अधिक कारोबारियों के ठिकानों से टीमों ने 1500 करोड़ रुपये से अधिक के लेन-देन से जुड़े दस्तावेज जुटाए हैं। जांच में कई अरब रुपये के वित्तीय लेन-देन भी सामने आने की चर्चा है।
शुक्रवार तड़के आयकर विभाग की करीब दर्जनभर टीमों ने रियल एस्टेट कारोबारी शिव शंकर अग्रवाल उर्फ शंकर सेठ और गोवर्धन दास अग्रवाल समेत उनसे जुड़े कारोबारियों, फर्मों और चार्टर्ड अकाउंटेंट के करीब दो दर्जन ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की थी। इसमें गाजियाबाद, दिल्ली, कानपुर और लखनऊ की टीमों ने होटल रेडिशन, गुरुकृपा होटल, भारत सीमेंट, वृंदावन के लज्जाराम, भूतेश्वर के सूरजभान-रामकिशोर, ग्लोइंग वर्ल्ड आदि ठिकानों पर जांच-पड़ताल की।
इसमें अधिकारियों ने करीब एक सैकड़ा से ज्यादा कर्मचारी और पुलिसकर्मियों के साथ कई अरब के लेन-देन, जमीन और फ्लैट की खरीद-फरोख्त, होटल आदि निर्माण कार्यों से जुड़े रिकॉर्ड खंगाले। सूत्रों के मुताबिक, टीमों ने 1500 करोड़ रुपये से अधिक के लेन-देन से संबंधित दस्तावेज जुटाए हैं। इनमें कंप्यूटर, लैपटॉप और फाइलों के साथ करीब दर्जनभर चार्टर्ड अकाउंटेंट फर्मों के दस्तावेज भी टीम ने कब्जे में लिए हैं। इनका मिलान कर वित्तीय अनियमितताओं और वास्तविक आय का आकलन किया जाएगा।
कार्रवाई के दौरान सोमवार देर रात आयकर विभाग की चार टीमें वापस लौट गईं, जबकि शिव शंकर अग्रवाल और गोवर्धन दास अग्रवाल के कई ठिकानों पर छह टीमों की जांच मंगलवार के दिन भी जारी रखी। ये टीमें मंगलवार शाम पांच बजे कार्रवाई समेटकर वापस रवाना हो गईं। अब जुटाए गए दस्तावेज और डिजिटल रिकॉर्ड के विश्लेषण के बाद आयकर विभाग आगे की कार्रवाई करेगा।
