विधानसभा चुनाव से पहले की राजनीतिक पार्टियों के बड़े नेता एक दूसरे पर हमलावर हो रहे हैं। जिले में बुधवार को भाजपा और सपा के नेताओं के बीच बयानों से सियासी तल्खी देखने को मिली। सपा सांसद डिंपल यादव ने भाजपा के ””राधे-राधे, कमल खिला दें”” नारे पर तंज कसते हुए कहा कि कमल मुरझा रहा है, इसलिए अब राधा मां का नाम लिया जा रहा है। उन्होंने राम मंदिर के चंदे में कथित धांधली, अयोध्या में जमीनों की खरीद-फरोख्त, एसआईआर और बेरोजगारी समेत कई मुद्दों पर सरकार को घेरा। वहीं, राज्यमंत्री धर्मवीर प्रजापति ने डिंपल के बयानों पर पलटवार करते हुए सपा के तीसरी बार सत्ता में आने के दावे को मुंगेरीलाल का सपना बताया। उन्होंने 2027 में भाजपा की प्रचंड बहुमत से सरकार बनने का दावा किया।
बुधवार दोपहर करीब दो बजे बेटी अदिति यादव के साथ बरनाहल में पूर्व ब्लॉक प्रमुख एवं सपा नेता राजेंद्र सिंह यादव की बेटी के विवाह समारोह में पहुंचीं डिंपल यादव ने कहा कि भाजपा का कमल मुरझा रहा है। इसलिए फूल खिलाने के लिए अब राधा मां का नाम लिया जा रहा है। उन्होंने अयोध्या में जमीनों की खरीद-फरोख्त और राम मंदिर के चंदे में कथित धांधली का आरोप लगाते हुए कहा कि प्रमाण होने के बावजूद संबंधित लोगों पर कार्रवाई नहीं हो रही है। उन्होंने कहा कि भगवान श्रीराम का चंदा लूटने वाले अब मथुरा-वृंदावन जाकर भगवान कृष्ण का चंदा लूटने की तैयारी कर रहे हैं। उन्होंने भाजपा पर धर्म के नाम पर वोट मांगने और धार्मिक भावनाओं के साथ खिलवाड़ करने का आरोप लगाया।