Bijnor News:परिषदीय विद्यालयों में अर्धवार्षिक परीक्षा शुरू – Half-yearly Examinations Begin In Council Schools
– पहले दिन गणित, हिंदी, विज्ञान, संस्कृत, उर्दू विषय का हुआ पेपर
संवाद न्यूज एजेंसी
बिजनौर। जिले के परिषदीय विद्यालयों में मंगलवार से अर्धवार्षिक परीक्षाएं शुरू हो गईं। पहले दिन कक्षा दो से आठवीं तक के छात्रों की गणित, हिंदी, विज्ञान, संस्कृत, उर्दू विषय का प्रश्न पत्र हुआ। कक्षा एक के छात्र-छात्राओं की मौखिक परीक्षाएं होंगी।
जिले के 2119 परिषदीय विद्यालयों में करीब सवा लाख विद्यार्थी परीक्षा के लिए पंजीकृत हैं। परीक्षा को लेकर विद्यालयों में पहले से ही तैयारियां पूरी कर ली गई थीं। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी सचिन कसाना ने बताया कि अर्धवार्षिक परीक्षाओं में कक्षा दो से आठ तक के विद्यार्थी लिखित परीक्षा में शामिल हो रहे हैं, जबकि कक्षा एक के विद्यार्थियों की मौखिक परीक्षा कराई जाएगी। अफसरों का दावा है कि परीक्षा के पहले दिन स्कूलों में निर्धारित समय पर प्रश्नपत्र वितरित किए गए। विद्यार्थियों ने परीक्षा कक्षों में बैठकर गणित के सवाल हल किए। बीएसए ने कहा कि परीक्षा को लेकर शिक्षकों को पहले ही आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए थे। सभी विद्यालयों में प्रश्नपत्र और अन्य जरूरी व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं।
