Jalaun News:गांजा तस्करी के दो दोषियों पर पांच-पांच हजार का जुर्माना – Fine Of 5,000 Rupees Each Imposed On Two Individuals Convicted Of Cannabis Trafficking
उरई। गांजा तस्करी के दो मामलों में सुनवाई पूरी होने के बाद अपर जिला जज भारतेंद्र सिंह की अदालत ने दोनों आरोपियों को दोषी करार दिया। अदालत ने उन्हें जेल में बिताई गई अवधि की सजा और पांच-पांच हजार रुपये के अर्थदंड से दंडित किया।
डकोर कोतवाली पुलिस ने 31 अगस्त 2026 को कुठौंदा निवासी अंगद राजपूत को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से एक किलो 50 ग्राम गांजा बरामद किया था। वहीं, कैलिया थाना पुलिस ने 15 सितंबर 2026 को हमीरपुर जिले के राठ कस्बे की कांशीराम कॉलोनी निवासी दिनेश रायकवार को गांजे के साथ गिरफ्तार किया था।
दोनों मामलों में पुलिस ने विवेचना पूरी कर आरोप पत्र न्यायालय में दाखिल किए थे। मंगलवार को गवाहों के बयान और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर अदालत ने दोनों आरोपियों को दोषी ठहराते हुए जेल में बिताई गई अवधि की सजा और पांच-पांच हजार रुपये जुर्माने से दंडित किया। (संवाद)
