फिरोजाबाद। स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय के अस्थि रोग विभाग में मरीजों की देखभाल और ड्यूटी के प्रति लापरवाही करने पर तीन स्टाफ नर्स और एक वार्ड बॉय के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की है। प्राचार्य डॉ. योगेश गोयल ने सभी के एक-एक दिन का मानदेय काटने की संस्तुति की गई है।
प्रशासन की ओर से जारी आदेशों के अनुसार, अस्थि रोग विभाग के वार्ड इंचार्ज ने सात दिसंबर 2026 को कर्मचारियों के खिलाफ शिकायत की थी। इसे विभाग के संकाय सदस्य और मुख्य चिकित्सा अधीक्षक ने अग्रसारित किया था। शिकायतों की समीक्षा के बाद कर्मचारियों की लापरवाही को गंभीर मानते हुए कार्रवाई की गई।
स्टाफ नर्स प्रहलाद के खिलाफ बिना पूर्व सूचना के ड्यूटी स्थल से अनुपस्थित रहने और कर्तव्यों का उचित ढंग से निर्वहन नहीं करने की शिकायत मिली थी। वहीं, स्टाफ नर्स नीतू और प्रीति कुशवाह पर वार्ड में मरीजों की देखभाल में कोताही बरतने और कार्य में लापरवाही करने का आरोप था।
इसी तरह वार्ड बॉय जितेंद्र कुमार पर भर्ती मरीज का सीटी स्कैन नहीं कराने और मरीजों की देखभाल में लापरवाही बरतने की शिकायत की गई थी। प्रशासन ने चारों कर्मचारियों की एक दिन की सेवा बाधित करते हुए एक दिन के मानदेय में कटौती की संस्तुति की है। आदेश तत्काल प्रभाव से लागू किए गए हैं।