Amethi News:तिलोई में 14 संपर्क मार्गों की होगी विशेष मरम्मत – Special Repairs To Be Carried Out On 14 Connecting Roads In Tiloi
इन्हौना। गांवों की जर्जर सड़कों से परेशान ग्रामीणों को जल्द राहत मिलेगी। विधानसभा क्षेत्र के 14 संपर्क मार्गों की विशेष मरम्मत के प्रस्ताव को लोक निर्माण विभाग ने मंजूरी दे दी है। विभाग जल्द ही इन सड़कों पर काम शुरू कराएगा। इससे किसानों को उपज मंडी तक पहुंचाने, विद्यार्थियों को स्कूल जाने और मरीजों को अस्पताल पहुंचाने में सहूलियत मिलेगी।
स्वीकृत मार्गों में मटेरवा चौराहे से रमई, अरियांवा, तामामऊ बेरारा, पाकरगांव, रस्तामऊ कैनाल पटरी, जेहटा उसरहा, सेमरौता-शिवरतनगंज मार्ग से जगतपुर और कुसुम्भी संपर्क मार्ग शामिल हैं। इसके अलावा गोयन सिन्दुरिया, रस्तामऊ से फूला, गोयन सिन्दुरिया से रामपुर खास, हजारीगंज से कोटवा, पूरे भावा (निगोहा) और आशापुर रूरू मार्ग की मरम्मत होगी।
राज्यमंत्री मयंकेश्वर शरण सिंह ने कहा कि बेहतर सड़कें विकास की रीढ़ हैं। अधिशासी अभियंता रमेश सिंह ने बताया कि जल्द मरम्मत कार्य शुरू कराया जाएगा। ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि मुन्ना सिंह समेत अन्य लोगों ने खुशी जताई।
