बुधवार, 18 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
मथुरा

Mathura News:आयकर छापे के बाद सामने आए और दर्जन भर कारोबारियों के नाम – Names Of A Dozen More Businessmen Emerge Following Income Tax Raids

November 18, 2026


– पांच दिन की सर्च में 21 से ज्यादा ठिकानों से जुटाए दस्तावेज, संबंधितों को नोटिस भेजकर मांगे जाएंगे वित्तीय रिकॉर्ड

संवाद न्यूज एजेंसी

मथुरा। शहर में आयकर विभाग की छह उद्योगपतियों के यहां पांच दिन चली सर्च कार्रवाई में अन्य दर्जन भर कारोबारियों के नाम भी सामने आए हैं। उनसे जुड़े करीब 1500 करोड़ रुपये के लेन-देन के अभिलेखों टीम को मिले हैं। अब विभाग इन्हें नोटिस भेजकर लेन-देन का रिकॉर्ड मांगने की तैयारी में है। इससे कारोबारियों में सनसनी फैल गई है।

13 नवंबर से शुरू हुई कार्रवाई में आयकर विभाग की दर्जन भर टीमों ने मथुरा-वृंदावन में 21 से अधिक ठिकानों पर जांच की थी। इसमें रियल एस्टेट और होटल कारोबारियों, फर्मों तथा चार्टर्ड अकाउंटेंट के ठिकानों पर 17 नवंबर तक सघन जांच पड़ताल की गई। इसमें टीमों ने रेडिसन होटल, गुरुकृपा समूह के होटल और अन्य कारोबारी प्रतिष्ठानों के भी रिकॉर्ड खंगाले थे। जांच के दौरान विभाग को 1500 करोड़ रुपये से अधिक का संदिग्ध लेन-देन मिला हैं। इनमें जमीन एवं फ्लैट की खरीद-फरोख्त, होटल निर्माण, बैंक खातों और कारोबारी समझौतों से संबंधित रिकॉर्ड हैं। इनमें मथुरा, आगरा, नोयडा और दिल्ली के करीब एक दर्जन अन्य कारोबारी भी विभाग के रडार पर आ गए हैं।

टीम चार्टर्ड अकाउंटेंट फर्मों के दस्तावेजों के साथ कंप्यूटर, लैपटॉप और अन्य डिजिटल रिकॉर्ड भी जांच के लिए अपने साथ ले गए हैं। विभाग इनका आंकलन कर रडार पर आए कारोबारियों को नोटिस भेजकर लेन-देन के रिकॉर्ड मांगने की तैयारी कर रहा है। मंगलवार शाम को लौटी टीमें अब जुटाए गए दस्तावेजों और डिजिटल रिकॉर्ड से संबंधित कारोबारियों की आयकर विवरणियों, बैंक खातों और संपत्ति संबंधी अभिलेखों से मिलान करेंगी। जिन लोगों और फर्मों के नाम लेन-देन में सामने आए हैं, उनसे नोटिस के जरिए जवाब और दस्तावेज मांगे जाएंगे। इसकी जानकारी होते ही कारोबारियों में सनसनी फैल गई है। सभी अपने-अपने बचाव की तैयारियों में लगे हुए हैं।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X