Sant Kabir Nagar News:रंजिश में युवक पर चाकू से हमला, पिता-पुत्र गिरफ्तार – Youth Attacked With A Knife Due To A Grudge; Father And Son Arrested
संतकबीरनगर। छठ पर्व पर हुई कहासुनी की रंजिश में युवक पर चाकू से जानलेवा हमला करने के मामले में धनघटा पुलिस ने पिता-पुत्र को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मुख्य आरोपी अंकुर के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल किया गया चाकू भी बरामद किया है। दोनों आरोपियों को बुधवार को कटया तिराहे के पास से गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। धनघटा थाना क्षेत्र के परसा खरबुजहिया गांव निवासी ऊषा देवी ने 17 नवंबर को पुलिस को तहरीर दी थी। उन्होंने आरोप लगाया था कि गांव के ही अंकुर और उसके पिता शिवनरायन उर्फ ढोढ़ई ने छठ पर्व पर हुई कहासुनी की रंजिश में उनके भतीजे देवा पर चाकू से हमला कर दिया। हमले में देवा घायल हो गया। तहरीर के आधार पर पुलिस ने संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी। एसओ अजय कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने बुधवार को दोनों आरोपियों को कटया तिराहे के पास से गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान अंकुर के पास से घटना में प्रयुक्त चाकू बरामद हुआ।
प्रभारी निरीक्षक अजय कुमार सिंह ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अंकुर पुत्र शिवनरायन उर्फ ढोढ़ई और शिवनरायन उर्फ ढोढ़ई पुत्र रुदल के रूप में हुई है। दोनों परसा खरबुजहिया गांव के निवासी हैं। आवश्यक विधिक कार्रवाई के बाद उन्हें न्यायालय में पेश किया गया, जहां से न्यायिक अभिरक्षा में जिला कारागार भेज दिया गया।
