Amritsar News:माहौल बिगड़ने की आशंका पर अमृतपाल को तुरंत पंजाब से बाहर ले जा सकेगी पुलिस, कोर्ट ने दी छूट – Due To Concerns Over The Situation Worsening, The Court Allowed The Police To Immediately Take Amritpal Out Of Punjab
21 नवंबर को तीन घंटे की कस्टडी पैरोल
22 और 23 नवंबर के कार्यक्रम में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से होंगे शामिल
संवाद न्यूज एजेंसी
अमृतसर। खडूर साहिब से सांसद अमृतपाल सिंह की कस्टडी पैरोल को लेकर अमृतसर सेशन कोर्ट के लिखित आदेश में कई अहम शर्तें सामने आई हैं। अदालत ने स्पष्ट किया है कि 21 नवंबर को उनकी मौजूदगी के दौरान कानून-व्यवस्था बिगड़ने, किसी अप्रिय घटना या उसकी उचित आशंका होने पर पुलिस उन्हें तुरंत अंतिम संस्कार स्थल से हटा सकती है।
अदालत ने स्पष्ट किया कि 21 नवंबर को उनकी मौजूदगी के दौरान कानून-व्यवस्था बिगड़ने पर पुलिस उन्हें तुरंत हटा सकती है। जरूरत पड़ने पर उन्हें पंजाब से बाहर भी ले जाया जा सकता है। अमृतपाल को 21 नवंबर को दोपहर 12 से 3 बजे तक तीन घंटे की पैरोल मिली है। उन्होंने 22 नवंबर को अस्थियां चुनने और 23 नवंबर को भोग समारोह में शामिल होने की अनुमति भी मांगी थी। उनके वकील एडवोकेट एमएस छीना ने बताया कि परिवार ने उनकी गैरमौजूदगी के कारण अंतिम संस्कार 21 नवंबर तक टाला था।
तीन दिन की पैरोल का विरोध
सुनवाई के दौरान पंजाब सरकार ने तीन दिन की पैरोल का विरोध किया। सरकार ने अदालत को बताया कि पुलिस लंबे समय तक अमृतपाल की सुरक्षा व्यवस्था नहीं संभाल सकती। हालांकि, तीन घंटे के लिए सुरक्षा इंतजाम किए जा सकते हैं। इसी आधार पर अदालत ने केवल 21 नवंबर को तीन घंटे की मौजूदगी की अनुमति दी। 22 और 23 नवंबर के कार्यक्रम में उन्हें वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिये शामिल होने के निर्देश दिए गए।
