Rewari News:अब बिना पीयूसी सर्टिफिकेट के नहीं मिलेगा पेट्रोल-डीजल – You Will No Longer Be Able To Get Petrol Or Diesel Without A Puc Certificate
रेवाड़ी। एनसीआर क्षेत्र में बढ़ते वायु प्रदूषण पर अंकुश लगाने के लिए प्रशासन अब सख्ती की तैयारी में है। इसके तहत रेवाड़ी में भी बिना वैध प्रदूषण नियंत्रण प्रमाण पत्र (पीयूसी) के पेट्रोल और डीजल नहीं देने की व्यवस्था लागू की जाएगी। हालांकि, जिले में अभी इस नियम को लागू करने की प्रक्रिया चल रही है।
नियम लागू होने के बाद वाहन चालकों को पेट्रोल-डीजल भरवाने से पहले अपने वाहन का वैध पीयूसी प्रमाण पत्र दिखाना अनिवार्य होगा। इस व्यवस्था को लागू करने से पहले आरटीए विभाग ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। विभाग की टीम ने दिल्ली-जयपुर राष्ट्रीय राजमार्ग सहित जिले के विभिन्न क्षेत्रों में स्थित पेट्रोल पंपों और प्रदूषण जांच केंद्रों का निरीक्षण किया।
अभियान की अगुवाई इंस्पेक्टर वर्षकेतु व उपनिरीक्षक देवेंद्र सिंह ने की। टीम ने पेट्रोल पंपों पर उपलब्ध व्यवस्थाओं का जायजा लिया और संचालकों को प्रस्तावित नियमों के अनुसार तैयारी रखने के निर्देश दिए।
सब इंस्पेक्टर संदीप कुमार ने बताया कि एनसीआर क्षेत्र में प्रदूषण नियंत्रण के उद्देश्य से पेट्रोल पंपों पर बिना वैध पीयूसी प्रमाण पत्र के पेट्रोल-डीजल नहीं देने की व्यवस्था लागू करने की तैयारी की जा रही है। इसके लिए जिले के पेट्रोल पंपों और प्रदूषण जांच केंद्रों का निरीक्षण किया जा रहा है।
पेट्रोल पंप संचालकों को आवश्यक तैयारियां पूरी रखने के निर्देश दिए गए हैं। नियम लागू होने के बाद इसकी अवहेलना करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान प्रदूषण जांच केंद्रों पर भी व्यवस्थाओं की जांच की गई। विभाग का प्रयास है कि नियम लागू होने के बाद वाहन चालकों को पीयूसी प्रमाण पत्र बनवाने में किसी तरह की परेशानी न हो। इसके लिए जांच केंद्रों की कार्यप्रणाली और उपलब्ध सुविधाओं का भी जायजा लिया जा रहा है।
वर्जन
वाहन चालकों से अपील की है कि वे नियम लागू होने का इंतजार किए बिना अपने वाहनों का वैध प्रदूषण नियंत्रण प्रमाण पत्र बनवा लें। जिन वाहनों के पीयूसी प्रमाण पत्र की वैधता समाप्त हो चुकी है, उनके मालिक अधिकृत प्रदूषण जांच केंद्र से नया प्रमाण पत्र बनवा सकते हैं। इससे भविष्य में पेट्रोल-डीजल भरवाते समय होने वाली परेशानी से बचा जा सकेगा।-वर्षकेतु, इंस्पेक्टर, आरटीए
