चंपावत जिले के पाटी के खुतेली गांव में पारिवारिक विवाद से परेशान एक 20 वर्षीय युवती ने आत्मघाती कदम उठा लिया। युवती का शव घर के कमरे में दुपट्टे के सहारे फंदे पर लटका मिला। घटनास्थल के पास से पुलिस को एक सुसाइड नोट भी बरामद हुआ है। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
पाटी थाने के उपनिरीक्षक दिनेश भट्ट के अनुसार, 18 नवंबर की शाम सात बजे के बाद 112 नंबर पर युवती के आत्महत्या करने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही पुलिस टीम करीब 35 किलोमीटर दूर खुतेली गांव पहुंची। वहां रंजना उर्फ रेनू (20) पुत्री राजेंद्र सिंह महरा अपने कमरे में मृत अवस्था में मिली।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, परिवार में पैतृक जमीन के बंटवारे के चलते युवती के ताऊ के साथ विवाद चल रहा था। आरोप है कि इस विवाद के चलते आए दिन होने वाली गाली-गलौज से युवती परेशान थी। घटनास्थल से सुसाइड नोट भी मिला है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
बताया कि मृतका के पिता राजेंद्र सिंह महरा गुजरात में नौकरी करते हैं, जबकि उसका भाई भी घर से बाहर रहता है। रंजना गांव में अपनी मां और बहन के साथ रहती थी। पुलिस ने पंचनामा भरने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए लोहाघाट भेज दिया है। साथ ही घटना की सूचना मृतका के पिता और भाई को दे दी गई है।