Basti News:एसआरएम टीम आज करेगी अस्पतालों की जांच – Srm Team To Inspect Hospitals Today
बस्ती। स्टेट रिव्यू मिशन (एसआरएम) के द्वितीय चरण में बस्ती मंडल के जिला और ब्लॉक स्तरीय अस्पतालों की व्यवस्थाओं की जांच की जाएगी। एसआरएम टीम बृहस्पतिवार को बस्ती पहुंचेगी। बस्ती मंडल के अस्पतालों का निरीक्षण आजमगढ़ मंडल के अधिकारी करेंगे। अस्पतालों में तैयारियां तेज कर दी गई हैं। कमियों को दूर करने के साथ ही शासन की ओर से निर्धारित चेकलिस्ट के अनुसार व्यवस्थाएं दुरुस्त की जा रही हैं।
एडी हेल्थ आजमगढ़ मंडल डॉ. भावनाथ पांडेय और डॉ. संजय प्रियदर्शी की टीम जिला महिला अस्पताल बस्ती का निरीक्षण कर रिपोर्ट तैयार करेगी। निरीक्षण के दौरान अस्पताल में उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं, संसाधनों और व्यवस्थाओं की बारीकी से पड़ताल की जाएगी। शासन ने विभिन्न बिंदुओं पर विस्तृत चेकलिस्ट जारी की है।
इसमें सीसीटीवी कैमरे, महिला और पुरुष के लिए अलग-अलग शौचालय, शुद्ध पेयजल, मरीजों के लिए प्रतीक्षालय, बिजली का बैकअप, मिनी स्किल लैब, हेल्थ एटीएम, दवाओं की उपलब्धता और अग्निशमन उपकरणों की जांच शामिल है। इसके अलावा ब्लड बैंक, अल्ट्रासाउंड, एमआरआई, सीटी स्कैन, डायलिसिस, टेली रेडियोलॉजी और टेली कंसल्टिंग की सुविधाओं का भी आकलन किया जाएगा।
चेकलिस्ट में जनरल ओपीडी और आईपीडी के संसाधन, जनरल आईसीयू, एनबीएसयू, स्त्री रोग एवं बाल रोग ओपीडी, लेबर रूम, पैथोलॉजी, पोषण पुनर्वास केंद्र (एनआरसी), इमरजेंसी, एसएनसीयू, जनरल और मैटरनिटी ओटी, रेडियोलॉजी, मानव संसाधन, दवा वितरण यूनिट और बायोमेडिकल वेस्ट मैनेजमेंट को भी शामिल किया गया है।
