बलिया जिले में बुधवार की रात अलग-अलग थाना क्षेत्रों में हुए तीन सड़क हादसों ने तीन परिवारों की खुशियां छीन लीं। सहतवार और बेल्थरारोड क्षेत्र में हुए हादसों में तीन युवकों की मौत हो गई, जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सहतवार क्षेत्र में तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई, जिसमें दो दोस्तों नीरज राजभर (25) और बादल राजभर (24) की जान चली गई।
वहीं, उभांव थाना क्षेत्र में दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत में हेमंत टिल्लू (19) युवक की मौत हो गई और दो लोग घायल हो गए। सिकंदरपुर क्षेत्र में भी बाइक असंतुलित होने से एक युवक घायल हो गया। बेल्थरारोड के हेमंत टिल्लू की मौत से एक परिवार ने एक साल के भीतर अपने दोनों बेटों को खो दिया, जबकि सहतवार के हादसे में परिवार में दो मासूम बेटियों के सिर से पिता का साया उठ गया। पुलिस ने तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।