शुक्रवार, 20 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
फ़िरोज़ाबाद

Firozabad News:भूगर्भ जल के अंधाधुंध दोहन पर शिकंजा, बिना एनओसी चल रहे 12 वाटर पार्कों को नोटिस – Firozabad News Water Park Sealed

November 19, 2026


फिरोजाबाद। बिना पंजीकरण और अनापत्ति प्रमाण पत्र (एनओसी) के भूगर्भ जल का अंधाधुंध दोहन कर रहे जनपद के 12 वाटर पार्क भूगर्भ जल संरक्षण विभाग के रडार पर आ गए हैं। आगरा परिक्षेत्र की टीम की ओर से किए गए सर्वे में चिह्नित इन सभी वाटर पार्क संचालकों को नोटिस थमा दिए गए हैं। विभाग ने सख्त चेतावनी दी है कि यदि 15 दिन के भीतर एनओसी की औपचारिकताएं पूरी नहीं की गईं, तो भारी जुर्माना लगाने के साथ ही जिला प्रशासन के सहयोग से इन वाटर पार्कों को सील किया जाएगा।

विभागीय जांच में सामने आया है कि जिले की सदर तहसील (फिरोजाबाद), शिकोहाबाद, सिरसागंज और टूंडला क्षेत्रों में ये 12 वाटर पार्क बिना किसी वैध पंजीकरण के संचालित हो रहे हैं। नियमों के मुताबिक व्यावसायिक या औद्योगिक उपयोग के लिए भूमिगत जल दोहन से पूर्व विभाग से एनओसी लेना अनिवार्य है। इसके बावजूद संचालक वर्षों से सबमर्सिबल पंपों के जरिए बेरोकटोक भूगर्भ जल का व्यावसायिक दोहन कर रहे थे। सर्वे के बाद सभी संचालकों से नोटिस के जरिए जवाब और आवेदन मांगा गया है।

निगरानी तंत्र की खुली पोल, वर्षों तक अनजान रहे जिम्मेदार

हैरानी की बात यह है कि सदर तहसील, शिकोहाबाद, सिरसागंज और टूंडला क्षेत्रों में वर्षों से ये वाटर पार्क बिना पंजीकरण और एनओसी के संचालित होते रहे, लेकिन इस दौरान विकास प्राधिकरण, नगर निगम, नगर पालिकाओं और तहसील प्रशासन के अधिकारी आंखें मूंदे रहे। संबंधित विभागों की इस अनदेखी के चलते संचालक बेखौफ होकर भूगर्भ जल का दोहन करते रहे। अब भूगर्भ जल संरक्षण विभाग के सर्वे ने स्थानीय प्रशासन और निकायों की निगरानी व्यवस्था पर भी बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं।

जनपद के 12 वाटर पार्कों ने भूगर्भ जल दोहन के लिए अनापत्ति प्रमाण पत्र नहीं लिया है। सर्वे के बाद सभी को नोटिस जारी कर दिए गए हैं। एक पखवाड़े के भीतर एनओसी के लिए औपचारिकताएं पूरी नहीं करने पर जुर्माना लगाने और सीलिंग की कार्रवाई की जाएगी।

– नवरत्न नील, हाइड्रोलॉजिस्ट, भूगर्भ जल संरक्षण विभाग (आगरा परिक्षेत्र)

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X