Rishikesh News:आपदा मित्रों को दिया राहत और बचाव कार्यों का प्रशिक्षण – Aapda Mitras Provided With Training In Relief And Rescue Operations
एसडीआरएफ मुख्यालय जौलीग्रांट में छह दिवसीय आपदा मित्र प्रशिक्षण कार्यक्रम के 16वें बैच का समापन हुआ। प्रशिक्षण कार्यक्रम में कुल 57 प्रतिभागियों (23 युवक और 34 युवतियों) ने प्रतिभाग किया।
14 से 19 नवबंर तक आयोजित इस प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को आपदा प्रबंधन, प्राथमिक उपचार, खोज, बचाव, बाढ़ और भूकंप जैसी आपदाओं से निपटने, आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित राहत व बचाव कार्यों से संबंधित प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को फर्स्ट रिस्पॉन्डर के रूप में अपनी भूमिका निभाने, आपदा के समय उपलब्ध संसाधनों का उपयोग करने और स्थानीय स्तर पर प्रभावित लोगों को तत्काल सहायता उपलब्ध कराने के लिए प्रशिक्षित किया गया।
प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य स्थानीय स्तर पर प्रशिक्षित आपदा मित्रों का समूह तैयार करना है। जो आपातकालीन परिस्थितियों में एसडीआरएफ और संबंधित एजेंसियों के साथ समन्वय स्थापित कर बचाव कार्यों में सहयोग प्रदान कर सके। सेनानायक अर्पण यदुवंशी ने कहा कि आपदा के समय शुरुआती कुछ मिनट अत्यंत महत्वपूर्ण होते हैं। ऐसे में प्रशिक्षित आपदा मित्र स्थानीय स्तर पर प्रथम प्रतिक्रियाकर्ता के रूप में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।
