गाय-भैंस के पेट में कीड़े तो दूध पर पड़ेगा गंभीर असर, अस्पताल जाने की जरूरत नहीं, डॉक्टर ने बताए घरेलू उपाय
Last Updated:
Animal Husbandry Tips: मध्य प्रदेश में पशुपालन करने वाले किसानों के लिए पशुओं की सेहत सबसे बड़ी पूंजी है. पेट में कीड़े पड़ने से गाय-भैंस कमजोर होने लगती हैं, दूध उत्पादन घट जाता है और पशुपालकों को आर्थिक नुकसान होता है. रीवा के वेटरनरी डॉक्टर डॉ. परौहा ने लोकल 18 को बताया कि किन घरेलू उपायों से पशुओं को राहत मिल सकती है.
Animal Husbandry Tips: मध्य प्रदेश में पशुपालन हजारों परिवारों की आजीविका का मुख्य साधन है और पशुओं की सेहत बिगड़ने से सीधा असर दूध उत्पादन पर पड़ता है. वैसे भी मौसम में परिवर्तन आते ही तमाम तरह के रोग जानवरों पर भी अटैक करते हैं. रीवा के वेटरनरी डॉक्टर डॉ. परौहा ने पशुओं के पेट के कीड़ों और पाचन संबंधी समस्याओं के लिए कुछ घरेलू उपाय साझा किए हैं.
नीम और अजवाइन के उपाय
डॉ. परौहा के अनुसार, नीम की पत्तियों को पानी में उबालकर काढ़ा तैयार करके या ताजी पत्तियों को चारे के साथ देने से पेट के कीड़ों से बचाव में मदद मिलती है. हालांकि, गंभीर संक्रमण में केवल घरेलू उपायों पर निर्भर रहना सही नहीं है. पेट दर्द, गैस या अफरा होने पर अजवाइन और सेंधा नमक को गुनगुने पानी में मिलाकर देने की सलाह दी जाती है. दस्त होने पर छाछ में काला नमक और जीरा पाउडर तथा केले के तने का रस देने का पारंपरिक उपाय है.
सर्दी-खांसी और बुखार का इलाज
पशुओं में सर्दी, खांसी या बुखार की स्थिति में लहसुन, अदरक और तुलसी की पत्तियों का काढ़ा इस्तेमाल किया जाता है. सर्दियों के मौसम में गुड़ और सरसों के तेल का मिश्रण खिलाने की भी पुरानी परंपरा है. हालांकि, बुखार या लगातार खांसी होने पर डॉक्टर से इलाज कराना आवश्यक बताया गया है.
कीड़े होने के प्रमुख लक्षण
पशुओं के शरीर में कीड़े होने पर कई तरह के लक्षण सामने आते हैं. पशु मिट्टी खाने लगता है, कमजोर होने लगता है और बदबूदार मटमैला दस्त करता है. गोबर में कीड़े या काला खून दिखना, आंखों से पानी आना, त्वचा का खुरदरा होना और दुधारू पशुओं द्वारा अचानक दूध कम देना इसके मुख्य संकेत हैं.
सावधानियां और आगे की बात
सर्दियों के दौरान पशुओं को चराने ले जाते समय विशेष ध्यान रखने की जरूरत होती है. ओस वाली घास पर परजीवियों के लार्वा होने की संभावना रहती है जिससे पशुओं की सेहत प्रभावित हो सकती है.
एक दशक से अधिक समय से पत्रकारिता में सक्रिय. प्रिंट मीडिया से शुरुआत. साल 2023 से न्यूज 18 हिंदी के साथ डिजिटल सफर की शुरुआत. न्यूज 18 के पहले दैनिक जागरण, अमर उजाला में रिपोर्टिंग और डेस्क पर कार्य का अनुभव. म…
और पढ़ें
