Kannauj News:बरेली से लाकर किशोरी को बेचा, पुलिस ने मां-बाप को बुलाया – Teenage Girl Brought From Bareilly And Sold; Police Summon Her Parents
कन्नौज। आखिरकार किशोरी बरेली से किसके माध्यम से कन्नौज आई थी और उसे बरौली गांव में क्यों रखा गया। इन्हीं उलझे सवालों के जवाब तलाशने में पुलिस जुटी है। प्रारंभिक जांच में पुलिस को आशंका है कि किशोरी को बरेली से लाकर यहां बेचा गया था और जल्द ही उसकी शादी कराने की तैयारी चल रही थी। गांव के ही किसी जागरूक युवक को जब इस मामले की भनक लगी, तो उसने चाइल्ड लाइन को सूचना दे दी, जिसके बाद पूरे घटनाक्रम की परतें खुलने लगीं।
सच्चाई की पुष्टि के लिए पुलिस ने किशोरी के माता-पिता को बुलाया है, वहीं बाल कल्याण समिति (सीडब्ल्यूसी) द्वारा उसकी काउंसलिंग की जा रही है। मामले में मानव तस्करी के एंगल की पड़ताल के लिए मानव तस्करी निरोधक इकाई (एएचटीयू) को भी जांच में शामिल किया गया है। पुलिस ने बरौली गांव के दो लोगों को हिरासत में लेकर उनसे पूछताछ शुरू कर दी है।
बताया जा रहा है कि बुधवार रात जब चाइल्ड लाइन, एएचटीयू टीम और जलालपुर पनवारा चौकी पुलिस किशोरी को पकड़ने पहुंची, तो संबंधित लड़के के परिजन और कुछ ग्रामीणों ने विरोध किया। इस दौरान टीम के साथ काफी झड़प और नोकझोंक भी हुई, जिसके बाद किसी तरह किशोरी को सुरक्षित निकाला जा सका। फिलहाल उसे वन स्टॉप सेंटर में रखा गया है।
असमंजस में जांच, बयान और परीक्षण में अड़चन
सूत्रों के मुताबिक किशोरी फिलहाल मेडिकल परीक्षण कराने को तैयार नहीं है और बाल कल्याण समिति के सवालों के भी स्पष्ट जवाब नहीं दे रही है। जानकारी सामने आई है कि जिस युवक से उसकी शादी होने वाली थी, वह राजस्थान में काम करता है और दिवाली पर गांव आया था। वहीं, किशोरी को बरेली से लाने वाले युवक के बारे में अभी तक पुख्ता जानकारी नहीं मिल सकी है। संदिग्ध परिस्थितियों में बरेली कोतवाली क्षेत्र से लाई गई इस किशोरी को गुरुवार को चिकित्सीय परीक्षण के लिए जिला अस्पताल भेजा गया। अस्पताल में जरूरी औपचारिकताएं पूरी कर जांच शुरू कर दी गई है, हालांकि प्रक्रिया अभी पूरी नहीं हो सकी है। पुलिस का कहना है कि मेडिकल रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
बाहर नहीं निकलने दी जाती थी किशाेरी
बरौली गांव के लोगों का कहना है कि दिवाली से पहले किशोरी को गांव में लाया गया था। जिस घर में वह रह रही थी, वहां से उसे बाहर नहीं निकलने दिया जा रहा था। परिजन गुपचुप ढंग से शादी की तैयारियां शुरू कर दीं थीं। इसकी भनक जब ग्रामीणों को लगी तो पूछताछ शुरू कर दी। जब लड़के के परिजनों ने कोई जानकारी नहीं दी तो किसी ने चाइल्ड लाइन 1098 पर कॉल कर दी। इसकी जानकारी पाकर चाइल्ड लाइन, एएचटीयू व जलालपुर पनवारा चौकी पुलिस किशोरी को पकड़ लाई।
इन सवालों के जवाब तलाश रही पुलिस
1. बरेली से किशोरी किसके साथ कन्नौज आई?
2. उसे कितने रुपये में बेचा गया और खरीददार कौन है?
3. जो लड़का कन्नौज लाया था, वह कौन है?
4. किशोरी की शादी किसके साथ होनी थी?
5. उसकी आयु 15 साल है या 17 साल?
वर्जन
इस प्रकरण की गहनता से जांच की जा रही है। किशोरी को यहां लाकर बेचा गया है या वह अपनी मर्जी से आई है, इसकी पुष्टि के लिए उसके माता-पिता को बुलाया गया है। मामले की जांच एएचटीयू टीम कर रही है और बाल कल्याण समिति पूरे घटनाक्रम की निगरानी कर रही है।
— अजय कुमार, अपर पुलिस अधीक्षक
किशोरी अभी ठीक तरीके से स्थिति स्पष्ट नहीं कर पा रही है। उसका कहना है कि वह एक लड़के के साथ आई थी, जो उसे छोड़कर कहीं चला गया, जिसके बाद इन लोगों ने उसे अपने पास रख लिया। सभी तथ्य स्पष्ट होने के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
— उवैदुर्रहमान सिद्दीकी, जिला प्रोबेशन अधिकारी
