शुक्रवार, 20 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Azamgarh News:13 करोड़ खर्च, फिर भी 158 दुकानों वाला विपणन केंद्र आठ साल से नहीं बन सका कारोबार का ठिकाना – 13 Crore Rupees Spent, Yet The Marketing Center With 158 Shops Has Not Become A Business Hub For Eight Years
आज़मगढ़

Azamgarh News:13 करोड़ खर्च, फिर भी 158 दुकानों वाला विपणन केंद्र आठ साल से नहीं बन सका कारोबार का ठिकाना – 13 Crore Rupees Spent, Yet The Marketing Center With 158 Shops Has Not Become A Business Hub For Eight Years

November 20, 2026


मुबारकपुर की रेशमी साड़ी को बाजार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से 13 करोड़ रुपये की लागत से बना बुनकर विपणन केंद्र खुद बदहाली का शिकार है। इसके कारण आठ साल बाद भी न बुनकरों की दशा सुधरी और न ही रेशमी साड़ी को बाजार मिल सका।

मुबारकपुर में 20 हजार से अधिक बुनकर रेशमी साड़ी के कारोबार से जुड़े हैं। इनके उत्पादों को बेहतर बाजार उपलब्ध कराने और कारोबार को बढ़ावा देने के लिए वर्ष 2017 में 158 दुकानों का बुनकर विपणन केंद्र बनाया गया। लेकिन यह केंद्र बुनकरों की उम्मीदों पर खरा नहीं उतर सका।

हालात यह हैं कि 158 दुकानों वाले इस केंद्र में 68 दुकानें अब भी खाली पड़ी हैं। बाजार की समस्या से जूझ रहे बुनकर आज भी अपने उत्पादों की बिक्री के लिए परेशान हैं। विपणन केंद्र में कुल 158 दुकानें बनाई गई हैं। इनमें करीब 90 दुकानों का ही आवंटन हो सका है।

पूर्व जिलाधिकारी विशाल भारद्वाज ने यहां साप्ताहिक बाजार लगवाने की योजना तैयार कर आदेश भी जारी किया था। इससे बुनकरों को अपने उत्पाद सीधे ग्राहकों तक पहुंचाने की उम्मीद जगी थी, लेकिन उनके स्थानांतरण के बाद योजना आगे नहीं बढ़ सकी। नतीजतन केंद्र का उद्देश्य अधूरा रह गया।

00

फोटो संख्या- 40

मुबारकपुर की पहचान बनारसी साड़ी और हथकरघा उत्पादों से है, लेकिन तैयार माल की बिक्री के लिए व्यवस्थित बाजार नहीं मिल पाता। बुनकर मेहनत और पूंजी लगाकर साड़ियां तैयार करते हैं, मगर बाजार में उचित कीमत और खरीदार मिलने की गारंटी नहीं है।

– बुनकर एहतेशाम

00

फोटो संख्या- 41

विपणन केंद्र का सही ढंग से संचालन होता तो स्थानीय बुनकरों को काफी सहूलियत मिलती। डिजाइन के हिसाब से एक साड़ी तैयार करने पर बुनकर को 500 से 1500 रुपये तक मजदूरी मिलती है। मेहनत और समय अधिक लगने के बावजूद आमदनी सीमित रहती है।

– बुनकर साजिद अंसारी

00

फोटो संख्या- 42

हथकरघा पर साड़ी तैयार करना आसान काम नहीं है। एक साड़ी बनाने में कम से कम तीन दिन लगते हैं। इसमें मुख्य बुनकर के साथ दो सहायक भी काम करते हैं। इसके लिए कटान, रेशम और जरी जैसे कच्चे माल की जरूरत पड़ती है।

– बुनकर मुख्तार अहमद

00

फोटो संख्या- 43

कारोबार में कच्चे माल की कीमत, मजदूरी और बाजार की प्रतिस्पर्धा का असर पड़ रहा है। बुनकरों को अपने उत्पाद बेचने के लिए बिचौलियों पर निर्भर रहना पड़ता है। यदि विपणन केंद्र में नियमित बाजार की व्यवस्था हो और बाहर से व्यापारी व ग्राहक आएं तो बुनकरों को उनके उत्पादों का बेहतर मूल्य मिल सकता है। – इफ़्तिख़ार अहमद

00 वर्जन

मुबारकपुर की रेशमी साड़ी को बाजार दिलाने का प्रयास हो रहा है। इसके लिए शासन से पत्राचार किया जा रहा है। बुनकर समितियों का भी नवीनीकरण कराया जा रहा है। जल्द ही बदलाव दिखेगा। -सुधांशु, एडीआई

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X