धर्मनगरी हरिद्वार में हर साल कांवड़ यात्रा, कुंभ और अन्य धार्मिक आयोजनों के दौरान लाखों श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ती है। पर्यटक-श्रद्धालुओं के लगातार बढ़ते दबाव के बीच शहर की वहन क्षमता (कैरिंग कैपेसिटी) आधे से भी कम रह गई है। पर्वत मंथन कॉन्क्लेव में केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री तोखन साहू ने इसकी रिपोर्ट जारी की है। क्षमता घटने के मुख्य कारक बदली पर्यावरणीय परिस्थिति और कमजोर प्रबंधन को बताया गया है।
अध्ययन के अनुसार, 24.99 वर्ग किलोमीटर क्षेत्रफल में फैले हरिद्वार नगर निगम क्षेत्र में उपलब्ध कुल स्थान के आधार पर शहर की भौतिक क्षमता 36,98,401 लोगों की आंकी गई है। जब इसमें पर्यावरणीय और मौसमी बाधाओं को जोड़ा जाता है, तो वास्तविक क्षमता घटकर 29,17,704 पर आ जाती है। सबसे बड़ी गिरावट प्रबंधन के स्तर पर देखने को मिलती है, जिसके बाद शहर की प्रभावी क्षमता महज 14,39,446 लोगों की ही रह गई है।
विशेषज्ञों का मानना है कि अगले वर्ष शुरू होने जा रहे कुंभ के अलावा कांवड़ और प्रमुख स्नान पर्वों के दौरान उमड़ने वाली करोड़ों की भीड़ को देखते हुए यदि समय रहते स्वच्छता, पार्किंग, सीवरेज और घाट प्रबंधन को दुरुस्त नहीं किया गया, तो धर्मनगरी की व्यवस्थाओं पर दबाव और बढ़ सकता है।