Kaithal News:एक लाख से अधिक बच्चों को पिलाई जाएगी पोलियो की खुराक, 22 से चलेगा तीन दिवसीय अभियान – Over 100,000 Children To Receive Polio Doses, Three-day Campaign To Run From 22
कैथल। जिले में पांच साल तक के एक लाख एक हजार 283 बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके लिए 22 नवंबर को सब नेशनल इम्यूनाइजेशन कैंपेन चलाया जाएगा। पहले दिन जिले में बनाए गए बूथों पर बच्चों को पोलियो की दवा पिलाई जाएगी। इसके बाद 23 और 24 नवंबर को स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-घर जाकर छूटे हुए बच्चों को खुराक पिलाएंगी।
प्रशासन ने अभियान की तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए हैं। एडीसी सुशील कुमार ने वीरवार को लघु सचिवालय में जिला टास्क फोर्स (इम्युनाइजेशन) की बैठक में अधिकारियों को निर्देश दिए कि कोई भी पात्र बच्चा पोलियो की खुराक से वंचित नहीं रहना चाहिए। उन्होंने बताया कि जिले में अभियान के लिए 578 फिक्स्ड बूथ, 24 ट्रांजिट टीमें और 53 मोबाइल टीमें गठित की गई हैं। निगरानी के लिए 95 सुपरवाइजर नियुक्त किए गए हैं। बैठक में एसडीएम संजय कुमार, सीटीएम कैप्टन प्रमेश कुमार, सिविल सर्जन डॉ. बलविंदर गर्ग और डॉ. नवराज सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
आंगनबाड़ी और स्कूलों के माध्यम से करेंगे जागरूक
एडीसी ने डीडीपीओ को सरपंचों और पंचों के माध्यम से ग्रामीणों को जागरूक करने और गांवों में मुनादी करवाने के निर्देश दिए। महिला एवं बाल विकास विभाग को आंगनबाड़ी केंद्र समय पर खुलवाने और कार्यकर्ताओं के माध्यम से बच्चों को बूथ तक पहुंचाने के लिए कहा गया। शिक्षा विभाग स्कूलों और व्हाट्सएप ग्रुप के माध्यम से अभिभावकों को संदेश देगा।
प्रवासी मजदूरों के बच्चों पर भी रहेगा ध्यान
खाद्य एवं आपूर्ति विभाग को ईंट-भट्ठों पर काम करने वाले प्रवासी मजदूरों के बच्चों की सूची तैयार करवाने और उन्हें पोलियो की खुराक पिलवाने में सहयोग करने के निर्देश दिए गए। भारत सरकार के निर्देशानुसार नवंबर के इस चरण में हरियाणा के आठ जिलों में अभियान चलाया जाएगा। इनमें कैथल सहित अंबाला, कुरुक्षेत्र, झज्जर, गुरुग्राम, हिसार, फरीदाबाद और सिरसा शामिल हैं। इन जिलों में कुल 16.32 लाख बच्चों को खुराक पिलाने का लक्ष्य है।
