शुक्रवार, 20 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
जौनपुर

Jaunpur News:जीएस पब्लिक स्कूल में 24.70 लाख रुपये के गबन का आरोप – Gs Public School Accused Of Embezzling 24.70 Lakh Rupees

November 20, 2026


सुरेरी। कमसरुद्दीनपुर स्थित जीएस पब्लिक स्कूल में 24 लाख 70 हजार 715 रुपये से ज्यादा के गबन का आरोप लगा है। विद्यालय के प्रबंधक की शिकायत पर न्यायालय के आदेश के बाद सुरेरी पुलिस ने दो लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। विद्यालय के प्रबंधक अजय कुमार सिंह के अनुसार, स्कूल संचालन के लिए वाराणसी के कपसेठी निवासी भानु प्रताप सिंह और ऋषभ वर्मा से एग्रीमेंट हुआ था। आरोप है कि दोनों ने स्कूल की फीस स्कूल के खाते में जमा कराने के बजाय अपने निजी खातों में जमा कराई। नकद फीस भी अपने पास रख ली। खुद को विद्यालय का डायरेक्टर बताकर स्टाफ और अभिभावकों का अलग-अलग ग्रुप बनाया और स्कूल का संचालन शुरू कर दिया। अखबारों में विज्ञापन भी प्रकाशित कराए। प्रबंधक का आरोप है कि दोनों ने स्टाफ का वेतन देना बंद कर दिया। भुगतान के लिए दिए गए चेक भी बाउंस हो गए। विद्यालय के अभिलेखों के अनुसार, 24,70,715 रुपये से अधिक की धनराशि का गबन किया गया है। मामला सामने आने के बाद दोनों ने स्कूल आना बंद कर दिया। अब विद्यालय को बदनाम करने और अभिभावकों से बच्चों का नाम कटवाने के लिए कहने का भी आरोप है। प्रबंधक ने सुरेरी पुलिस और पुलिस अधीक्षक से शिकायत की, लेकिन कार्रवाई नहीं होने पर न्यायालय में प्रार्थना पत्र दिया।

न्यायालय ने 11 नवंबर को आदेश जारी कर थानाध्यक्ष सुरेरी को सात दिन के भीतर प्राथमिकी दर्ज कर उसकी प्रति न्यायालय में भेजने का निर्देश दिया था।

बुधवार को पुलिस ने संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है। थानाध्यक्ष गंगासागर मिश्र ने बताया कि न्यायालय के आदेश पर प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X