शुक्रवार, 20 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
मोहाली

Mohali News:डेराबस्सी तहसील एवं न्यायिक परिसर की पार्किंग बदहाल – Parking At The Dera Bassi Tehsil And Judicial Complex Is In A Poor State

November 20, 2026


मांगपत्र देने के बावजूद कार्रवाई नहीं, उखड़ी बजरी और अंधेरे से परेशान वकील व लोग

डेराबस्सी। तहसील कम ज्यूडिशियल कॉम्प्लेक्स की मुख्य पार्किंग की खस्ताहालत और रात के समय रोशनी की कमी को लेकर बार एसोसिएशन डेराबस्सी ने प्रशासन के खिलाफ रोष जताया है। पार्किंग की खराब स्थिति के कारण वकीलों, सरकारी कर्मचारियों और अपने काम से आने वाले लोगों को रोजाना परेशानी उठानी पड़ रही है।

बार एसोसिएशन के प्रधान एडवोकेट विक्रमजीत सिंह दप्पर ने बताया कि पार्किंग की बजरी पूरी तरह उखड़ चुकी है। वहीं, रात के समय पर्याप्त लाइटें नहीं होने से लोगों को दिक्कत होती है। उन्होंने कहा कि समस्या के समाधान के लिए पिछले छह-सात महीनों से एसडीएम डेराबस्सी अमित गुप्ता, विधायक कुलजीत सिंह रंधावा और नगर परिषद प्रधान आशु उपनेजा को कई बार लिखित मांगपत्र दिए जा चुके हैं, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई।

उन्होंने कहा कि पार्किंग में इंटरलॉकिंग टाइलें या तारकोल डलवाना और लाइटों का प्रबंध करना कोई बड़ा काम नहीं है। इसके बावजूद प्रशासन की अनदेखी समझ से परे है। बार एसोसिएशन ने मांग की कि पार्किंग की जल्द मरम्मत करवाकर पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था की जाए, ताकि लोगों को राहत मिल सके।

इस मौके पर महासचिव जगतार सिंह बाछल, उपप्रधान शिव शर्मा, गीतिका गोयल, सुमन चौहान, विपिन शर्मा, वरिष्ठ अधिवक्ता सुभाष करकरा, भीम सिंह, प्रिंस और जसबीर जौहल सहित अन्य वकील मौजूद रहे।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X