टूंडला। हाईटेंशन तार बदले जाने के कार्य के चलते शुक्रवार को धीरपुरा, घुरकुआ, जटई, जटपुरा और भीकनपुर बझेरा उपकेंद्रों से जुड़े क्षेत्रों की बिजली आपूर्ति दिनभर बाधित रही। विद्युत निगम द्वारा सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तकशटडाउन की सूचना जारी की गई थी, लेकिन निर्धारित समय बीत जाने के बावजूद रात साढ़े सात बजे तक आपूर्ति सुचारू नहीं हो सकी। बिजली न आने से पांचों फीडरों से जुड़े 100 से अधिक गांवों में अंधेरा पसरा रहा, जिससे ग्रामीणों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। बिजली आपूर्ति ठप रहने के कारण खेतों की पलेवट और सिंचाई का कार्य भी पूरी तरह बाधित हो गया। देर शाम तक बिजली बहाल न होने पर ग्रामीणों व किसान अन्य लोगों ने रोष जताया है। किसानों सोवरनसिंह, निहाल सिंह, जगनाथ चौब सिंह, दौलत राम, बांके लाल, मुरारीलाल आदि ने विभाग से मांग की है कि खेती के इस महत्वपूर्ण समय में अनावश्यक रूप से बिजली आपूर्ति बाधित न की जाए। विद्युत उपखंड अधिकारी भैयालाल का कहना है कि 33केवी के हाईटेंशन तार बदले जाने के चलते कार्य में देरी हुई थी। शनिवार से पांचों फीडरों पर आपूर्ति सुचारू रूप से दी जाएगी। संवाद