शुक्रवार, 20 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
फ़िरोज़ाबाद

Firozabad News:डॉक्टर का अपॉइंटमेंट के नाम पर एप भेजकर यूपीआई हैक, 79,997 ठगे – Firozabad News Advocate Thug

November 20, 2026


फिरोजाबाद। डॉक्टर का अपॉइंटमेंट बुक कराने के नाम पर व्हाट्सएप के जरिए फर्जी एप भेजकर मोबाइल व यूपीआई हैक करने और बैंक खाते से 79,997 रुपये उड़ाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। थाना रामगढ़ क्षेत्र के हबीबगंज, 16 फुटा रोड निवासी अधिवक्ता मोहम्मद सैफ खां ने सीजेएम कोर्ट के आदेश पर आगरा के चिकित्सक डॉ. राकेश भाटिया व उनके स्टाफ की मिलीभगत का आरोप लगाते हुए थाना रामगढ़ में प्राथमिकी दर्ज कराई है।

अधिवक्ता मोहम्मद सैफ खां ने तहरीर में बताया कि 11 सितंबर 2026 को वे अपने दो वर्षीय पुत्र मोहम्मद हुनैद को आगरा के चिकित्सक डॉ. राकेश भाटिया को दिखाने के लिए अपॉइंटमेंट लेना चाहते थे। उन्होंने ऑनलाइन सर्च इंजन (जस्ट डायल) से नंबर निकालकर कॉल किया। दूसरी ओर से खुद को डॉ. भाटिया का कंपाउंडर बताने वाले व्यक्ति ने एप के जरिए ही अपॉइंटमेंट बुक होने की बात कहकर व्हाट्सएप पर एक लिंक/एप भेजा।

अधिवक्ता को ”हॉस्पिटल सर्विस ऑनलाइन बुकिंग अपॉइंटमेंट एप” प्राप्त हुआ, जिसमें मरीज का नाम, उम्र और तारीख भरने को कहा गया। एप का उपयोग करते ही उनका यूपीआई हैक हो गया। दो दिन बाद 14 सितंबर की सुबह 10:02 बजे मोबाइल पर मैसेज आने से पता चला कि चार किस्तों में उनके खाते से 79,997 रुपये की साइबर ठगी हो गई है। उन्होंने तत्काल बैंक में कॉल कर खाता सीज कराया, जिससे खाते में बचे 20 हजार रुपये सुरक्षित बच गए। साथ ही साइबर हेल्पलाइन 1930 पर कॉल कर ठगों के खातों को फ्रीज कराया।

थाने व आईजीआरएस में सुनवाई न होने पर कोर्ट की शरण

अधिवक्ता ने आरोप लगाया कि केवल डॉ. राकेश भाटिया के नाम पर ही लोगों के साथ इस तरह की ठगी होने की बात सामने आ रही है, जिससे चिकित्सक व उनके स्टाफ की मिलीभगत का पूरा संदेह है। पीड़ित के मुताबिक, उन्होंने थाना रामगढ़ में शिकायत की, लेकिन पुलिस ने सुनवाई नहीं की। इसके बाद 16 सितंबर को एसएसपी को आईजीआरएस के माध्यम से शिकायत भेजी गई और 18 सितंबर को डॉ. भाटिया को लीगल नोटिस भी दिया गया। कोई जवाब या कार्रवाई न होने पर उन्होंने 12 अक्टूबर को सीजेएम न्यायालय में प्रार्थना पत्र देकर प्राथमिकी दर्ज कराने की गुहार लगाई।

प्रकरण में कोर्ट के आदेश पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है। विवेचना में जो भी तथ्य प्रकाश में आएंगे, उनके आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

– संतोष कुमार सिंह, सीओ सिटी

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X