शुक्रवार, 20 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
मगध मेडिकल कॉलेज शराब कांड:पुलिस भी फूंक-फूंककर रख रही कदम! रात में Dsp बोले- सुबह आइए, पूरी बात बताएंगे – Magadh Medical Hospital Liquor Seizure Dsp Silent Health Worker Under Scanner Today Bihar
गया

मगध मेडिकल कॉलेज शराब कांड:पुलिस भी फूंक-फूंककर रख रही कदम! रात में Dsp बोले- सुबह आइए, पूरी बात बताएंगे – Magadh Medical Hospital Liquor Seizure Dsp Silent Health Worker Under Scanner Today Bihar

November 20, 2026


गयाजी के मगध मेडिकल अस्पताल से जुड़ी अल्टो कार में विदेशी शराब मिलने का मामला अब कई सवाल खड़े कर रहा है। कार मालिक की पहचान, अस्पताल में उसकी भूमिका और डॉक्टरों तक शराब सप्लाई किए जाने की चर्चा के बीच पुलिस भी फिलहाल खुलकर कुछ बोलने से बच रही है। मामले को लेकर जब डीएसपी धर्मेंद्र कुमार से रात में बात की गई तो उन्होंने कहा कि अभी रात में बात नहीं कीजिए, सुबह आइए, पूरी जानकारी देंगे। इससे पहले भी उन्होंने सुबह ही पूरे मामले की हकीकत बताने की बात कही थी। आखिर इस मामले में ऐसा क्या है, जिस पर पुलिस फिलहाल आधिकारिक तौर पर कुछ स्पष्ट नहीं कर रही है?

गयाजी के अनुग्रह नारायण मगध मेडिकल कॉलेज अस्पताल से जुड़े शराब बरामदगी के मामले में अब पुलिस के आधिकारिक बयान का इंतजार है। विदेशी शराब की खेप मिलने, कार मालिक की पहचान और अस्पताल के भीतर कथित शराब सप्लाई की चर्चा के बीच पुलिस की चुप्पी ने मामले को और चर्चा में ला दिया है।

दरअसल गुरुवार की देर शाम मगध मेडिकल थाना क्षेत्र में पुलिस ने एक अल्टो कार से विदेशी शराब की खेप बरामद की थी। कार चालक को गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि कार मालिक मौके से फरार हो गया। कार मालिक की पहचान रमेश कुमार यादव, पिता सोनू यादव, निवासी नीमा गांव के रूप में बताई गई है। इस मामले में सबसे महत्वपूर्ण सवाल कार मालिक की अस्पताल में भूमिका को लेकर है। जानकारी के मुताबिक, रमेश यादव अस्पताल परिसर में एसआरएल नामक कंपनी का संचालन करता है। उसे अस्पताल के सुपरिटेंडेंट का डीलिंग क्लर्क भी बताया जा रहा है। हालांकि, वह वास्तव में अस्पताल का स्वास्थ्यकर्मी है या कंपनी से जुड़ा निजी कर्मचारी, इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।

डीएसपी से बात हुई, सुबह खुलासा करने की कही बात

मामले की गंभीरता को देखते हुए संबंधित डीएसपी धर्मेंद्र कुमार से बातचीत की गई। जब उनसे शराब बरामदगी और संबंधित व्यक्ति की अस्पताल में भूमिका के बारे में जानकारी मांगी गई तो उन्होंने रात में विस्तार से बात करने से परहेज किया। डीएसपी ने कहा रात में बात नहीं कीजिए, सुबह आइए सारी बात बताएंगे। इससे पहले भी उनसे बातचीत हुई थी। उस दौरान भी उन्होंने सुबह पूरे मामले की वास्तविकता स्पष्ट करने की बात कही थी। खासकर यह जानने की कोशिश की गई थी कि रमेश यादव मगध मेडिकल कॉलेज अस्पताल का स्वास्थ्यकर्मी है या नहीं। अब उनके आधिकारिक बयान के बाद ही इस सवाल का जवाब मिल सकेगा।

डॉक्टरों तक शराब पहुंचने की चर्चा, जांच का इंतजार

इस पूरे मामले में अस्पताल के कुछ डॉक्टरों तक कथित रूप से शराब पहुंचाने की चर्चा भी सामने आई है। हालांकि, इस आरोप की पुलिस ने अब तक पुष्टि नहीं की है। रमेश यादव की कंपनी के कर्मचारियों पर पूर्व में खून बेचने के आरोप में मगध मेडिकल थाने में प्राथमिकी दर्ज होने की बात भी सामने आ चुकी है। अब सवाल है कि कार में मिली शराब किसके लिए थी? क्या इसका संबंध अस्पताल के भीतर किसी नेटवर्क से है? और रमेश यादव की अस्पताल में वास्तविक भूमिका क्या है? इन तमाम सवालों पर पुलिस के आधिकारिक बयान और जांच के नतीजों का इंतजार है।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X