Jammu News:सांबा में बेतरतीब पार्किंग पर सचेत हुई ट्रैफिक पुलिस, पांच वाहन क्रेन से उठाए – Traffic Police Take Action Against Haphazard Parking In Samba; Five Vehicles Towed Away By Crane
हाईवे किनारे खड़े 40 वाहनों के चालान काटे, जुर्माना भरने के बाद वाहनों को छोड़ा
अमर उजाला इंपैक्ट लोगो
क्रासर
सड़क पर खड़े मिले वाहन तो क्रेन से उठाकर पुलिस लाइन पहुंचाए जाएंगे
संवाद न्यूज एजेंसी
सांबा। शहर के मुख्य चौक और राष्ट्रीय राजमार्ग पर बेतरतीब पार्किंग की समस्या को अमर उजाला में प्रमुखता से उठाए जाने पर पुलिस प्रशासन सचेत हो उठा है। ट्रैफिक पुलिस ने अभियान चलाकर नियमों का उल्लंघन करने वाले पांच वाहनों को क्रेन की सहायता से उठाकर थाने पहुंचाया। बाद में जुर्माना भरने के बाद इन वाहनों को छोड़ा गया। इसके अलावा 40 चालान भी किए गए।
शहर के प्रमुख चौक और राष्ट्रीय राजमार्ग पर वाहनों के बेतरतीब खड़े होने से अक्सर जाम की स्थिति पैदा हो रही थी और हादसे भी बढ़ गए थे। स्थानीय व्यापारियों ने कई बार मांग उठाई लेकिन वाहनों को सड़क पर खड़े करने का सिलसिला थम नहीं रहा था। इस खबर को अमर उजाला ने लगातार प्रकाशित किया तो प्रशासन पर असर हुआ।
डीटीआई इंस्पेक्टर अनिल कुमार ने बताया कि मुख्य चौक और हाईवे पर अव्यवस्थित ढंग से वाहन खड़े करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि पिछले दो दिनों में पांच वाहनों को क्रेन से उठाकर थाने पहुंचाया गया। लोगों को जागरूक भी किया जा रहा है कि वे सड़क के बीच या यातायात में बाधा बनने वाले स्थानों पर वाहन खड़े न करें। सड़क पर खड़े वाहन दिखते ही क्रेन से उठाकर पुलिस लाइन पहुंचाया जाएगा। ट्रैफिक पुलिस ने ओवरलोड मिनी बसों, बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चालकों और सीट बेल्ट नहीं लगाने वाले वाहन चालकों के खिलाफ भी विशेष अभियान तेज कर दिया है।
निर्धारित स्थान पर ही खड़े करने होंगे वाहन
डीटीआई इंस्पेक्टर ने बताया हाईवे पर निर्धारित पार्किंग सीमाएं चिन्हित की गई हैं। निर्धारित स्थान पर ही वाहन खड़े करें। इन सीमाओं का उल्लंघन करने वाले वाहनों का तत्काल चालान किया जाएगा। इसके अलावा सीमावर्ती गांवों के लिंक मार्गों पर चलने वाली ओवरलोड मिनी बसों के खिलाफ भी लगातार कार्रवाई की जा रही है। परिवहन विभाग द्वारा ब्लैकलिस्ट किए गए कई वाहनों को भी जब्त किया जा रहा है।
दुकानदारों ने कार्रवाई को उचित बताया
कस्बे में ट्रैफिक पुलिस की इस कार्रवाई का आम लोगों और व्यापारियों ने स्वागत किया है। उनका कहना है कि मुख्य बाजार में अवैध पार्किंग कम होने से यातायात सुचारु होगा, ग्राहकों को बाजार तक पहुंचने में सुविधा मिलेगी और व्यापारिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा। वहीं हादसों से भी निजात मिले गी। ट्रैफिक पुलिस ने लोगों से यातायात नियमों का पालन करने और निर्धारित स्थानों पर ही वाहन पार्क करने की अपील की है।
