Rewari News:मंत्री जी…. आपके आदेश पर पूरे महीने अधिकारी कुछ नहीं करते, एक दिन पहले याद आती है शिकायत – Minister-ji… Following Your Orders, Officials Do Nothing All Month Long; They Only Remember About Complaints A Day In Advance
रेवाड़ी। मंत्री जी…आपके आदेश पर पूरे महीने अधिकारी कुछ नहीं करते, बैठक से एक दिन पहले पिछले आदेशों पर कार्रवाई की याद आती है। ये बातें ग्रीवेंस कमेटी के सदस्यों ने हरियाणा के जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी व लोक निर्माण मंत्री रणबीर गंगवा के सामने शुक्रवार को बाल भवन सभागार में हुई जिला कष्ट निवारण समिति की बैठक में कहीं।
बैठक में कुल 13 मामले रखे गए, जिनमें से 9 का निवारण कर दिया गया। 4 परिवादों में आगामी बैठक में जांच कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
मंत्री ने गांव पीवरा में जमाबंदी की मलकियत में हिस्सेदारों का नाम गलत दर्ज करवाने के मामले में एसडीएम बावल संजीव कुमार की अध्यक्षता में संपूर्ण रिकॉर्ड जांच कर आगामी बैठक में रिपोर्ट पेश करने के निर्देश दिए। कहा कि इसमें दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
राधा कृष्ण सोसाइटी सुठानी के निवासियों ने बताया कि पिछली मीटिंग के आदेश के बाद भी बिजली कनेक्शन नहीं मिले हैं जिस पर मंत्री ने बिजली निगम के अधिकारियों को जल्द से जल्द कनेक्शन देने के निर्देश दिए।
बैठक में कुछ परिवाद के मामले कोर्ट में विचाराधीन रहने के पाए गए। कुछ मामले कब्जे से संबंधित थे। मंत्री ने इन मामलों में अधिकारियों को जांच करते हुए निवारण करने के निर्देश दिए।
बैठक में कई मामले ऐसे भी आए हैं जिसमें कार्य पूरा करने का समय तो कुछ दिनों का दिया गया था लेकिन बैठक से एक दिन पहले ही संबंधित शिकायत को निपटाया गया।
ग्रीवेंस कमेटी के सदस्य राजकुमार व अन्य सदस्यों ने इस मुद्दे को उठाया। उन्होंने मंत्री के समक्ष बताया कि जब बैठक होती है एक दिन पहले ही क्यों कार्य किया जाता है। इससे पहले क्यों नहीं।
कहा कि केवल खानापूर्ति होती है, ताकि मीटिंग में बताया जा सके कि कार्य पूरा हो गया है। जबकि पूरा महीना इंतजार करवाया जाता है। लोग अधिकारियों के चक्कर लगा-लगाकर थक गए हैं, इस पर ध्यान दिया जाए। मंत्री ने आदेश दिए कि जो भी आदेश दिए जाते हैं, तय समय में पूरा किया जाए।
इस अवसर पर रेवाड़ी विधायक लक्ष्मण सिंह यादव, बावल के विधायक डॉ. कृष्ण कुमार, कोसली के विधायक अनिल यादव, भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ. वंदना पोपली, परिवार पहचान पत्र स्टेट कॉर्डिनेटर डॉ. सतीश खोला, नगर परिषद चेयरपर्सन विनीता पीपल, नगर पालिका धारूहेड़ा चेयरमैन अजय जांगड़ा मौजूद रहे।
इंतकाल में गड़बड़ी के मामले में जेई को निलंबित करने के निर्देश
शिकायतकर्ता रामकिशन, देवेंद्र, आशुतोष, प्रवीण, सरला देवी ने बताया कि गांव की जमीन अधिग्रहण के बाद इंतकाल दर्ज करते समय जमीन के रकबे और हिस्सेदारी में गड़बड़ी हुई है। चार बार समाधान शिविर में भी गए। इंतकाल में गलत तरीके से जमीन दर्ज की गई और दस्तावेज में विरोधाभास हैं। भूमि अधिग्रहण अधिकारी का कहना है कि कोई रकबा रिलीज नहीं किया गया, जबकि अन्य विभागों की रिपोर्ट इससे अलग है। मंत्री ने कहा कि यह गलती किससे हुई है। एसडीएम ने बताया कि यह गलती पटवारी से हुई थी, पटवारी एचकेआरएन के तहत था जोकि अब यहां पर नहीं है। डीसी ने मामले को समझने की कोशिश की, मगर कोई समाधान नहीं निकला। फिर मंत्री ने कहा कि मामले में संबंधित जेई को सस्पेंड किया जाए और जो पहले का दोषी कर्मचारी है उस पर एफआईआर करवाई जाए। साथ ही एसडीएम की अध्यक्षता में गठित कमेटी को जांच करने के लिए कहा गया।
मंत्री ने एएसपी को एफआईआर करने के दिए निर्देश
महेंद्रगढ़ के अमर सिंह जांगड़ा ने आरोप लगाया कि भालखा निवासी एक व्यक्ति के साथ निर्माण कार्यों में आधी साझेदारी तय हुई थी। काम पूरा होने के बाद हिसाब मांगने पर उन्हें धमकाया गया। शिकायतकर्ता ने करीब 27.30 लाख रुपये खर्च करने और 95.06 लाख रुपये बकाया होने का दावा किया। पंचायत राज विभाग ने भुगतान से इंकार करते हुए कहा कि अनुबंध सोसायटी के साथ था। पुलिस की पहली जांच में आरोप प्रमाणित नहीं हुए, लेकिन संयुक्त कमेटी ने दोबारा जांच की। मंत्री ने एएसपी को एफआईआर की कार्रवाई के निर्देश दिए।
रामपुरा में मीटर लगवाने के नाम पर 12,800 रुपये लेने का आरोप
रामपुरा निवासी आशू ने बिजली निगम के लाइनमैन नरेश सोनी पर मीटर लगवाने के नाम पर 12 हजार रुपये और 800 रुपये फोनपे से लेने का आरोप लगाया। पैसे लेने के बाद लाइनमैन ने फोन उठाना बंद कर दिया। इसके बाद एक्सईएन और एसडीओ को शिकायत दी गई। आशू ने आरोप लगाया कि एसडीओ ने भी 3600 रुपये देने की बात कही और फोनपे की रकम को दवाई के पैसे बताने की सलाह दी। उन्होंने पैसे वापस दिलाने और कानूनी कार्रवाई की मांग की। गांव के सरपंच नरेश ने कहा कि ऐसे गांव में एक नहीं कई मामले हैं। आज तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है। मौके पर बताया गया कि सीटीएम ने इंक्वायरी की है। सरपंच ने कहा कि कोई इंक्वायरी नहीं की गई। केवल खानापूर्ति की जा रही है। इस पर मंत्री ने कहा कि लोगों को पैसे वापस किया जाए और संबंधित कर्मचारियों को मामले में सस्पेंड किया जाए। ग्रीवेंस के दो सदस्यों की एक कमेटी जांच के लिए गठित की गई है। मौके पर सरपंच ने वार्ड नंबर 24 से 31 में सीवर ओवरफ्लो की समस्या को भी उठाया, इस पर मंत्री ने कार्रवाई आदेश दिए हैं।

शिकायत सुनते जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी तथा लोक निर्माण मंत्री रणबीर गंगवा। संवाद

शिकायत सुनते जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी तथा लोक निर्माण मंत्री रणबीर गंगवा। संवाद
