Jind News:नरवाना में पराली जलाने के चार नए मामले मिले, किसानों पर 35 हजार रुपये जुर्माना – Four New Cases Of Stubble Burning Reported In Narwana; Farmers Fined Rs 35,000
नरवाना। धान की पराली जलाने की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए कृषि विभाग ने कार्रवाई तेज कर दी है। शुक्रवार को नरवाना क्षेत्र में पराली जलाने के चार नए मामले सामने आए। विभाग की टीम ने संबंधित किसानों पर कुल 35 हजार रुपये का जुर्माना लगाया है। दो किसानों के खिलाफ एफआईआर भी दर्ज करवाई गई है। अब नरवाना क्षेत्र में पराली जलाने के मामलों की संख्या बढ़कर 12 हो गई है। इससे पहले विभाग आठ मामलों में कार्रवाई कर चुका है।
कृषि विभाग की टीम ने पीपलथा, कालवन और दनौदा कलां गांव में खेतों का निरीक्षण कर कार्रवाई की। पीपलथा गांव में किसान गुरदेव सिंह ने छह कनाल आठ मरला में पराली जलाई हुई थी। इस पर विभाग ने पांच हजार रुपये का जुर्माना लगाया है। वहीं, इसी गांव के अमरीक सिंह ने 18 कनाल में पराली जलाई थी, जिस पर 10 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया। दोनों किसानों के खिलाफ एफआईआर भी दर्ज करवाई गई है।
वहीं, कालवन गांव में किसान सतबीर द्वारा 19 कनाल में पराली जलाने पर 10 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया। दनौदा कलां गांव में किसान बेली राम ने 23 कनाल 13 मरला में पराली जलाई थी। इस पर भी 10 हजार रुपये का जुर्माना किया गया है।
कार्रवाई के दौरान खंड कृषि अधिकारी सुनील दलाल टीम के साथ मौजूद रहे। दनौदा कलां में सुपरवाइजर भीम सिंह, कालवन में एटीएम पुनीत और पीपलथा में सुपरवाइजर अमृत ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई में सहयोग किया।
दो साल तक मंडी में फसल बेचने पर रोक
कृषि विभाग के अनुसार पराली जलाने वाले किसानों के खेतों की रेड एंट्री भी की जाएगी। इसके चलते संबंधित किसान दो साल तक अपनी फसल मंडी में नहीं बेच सकेंगे। इसके अलावा उन्हें सरकार की ओर से मिलने वाली विभिन्न सुविधाओं का लाभ भी नहीं मिल पाएगा। विभाग की टीमें लगातार खेतों में निगरानी कर रही हैं। हरसेक एप के माध्यम से आग लगने की सूचना मिलते ही टीम मौके पर पहुंचकर जांच करती है।
बॉक्स
पराली जलाने की घटनाओं पर रोक लगाने के लिए विभाग की टीमें लगातार खेतों में निगरानी कर रही हैं। हरसेक एप से आग लगने की सूचना मिलते ही टीम मौके पर पहुंचकर जांच करती है। पराली जलाने की पुष्टि होने पर जुर्माना और एफआईआर की कार्रवाई की जाती है। उन्होंने किसानों से पराली न जलाने की अपील की। –डॉ. सुनील दलाल, खंड कृषि अधिकारी नरवाना।
