भिवानी। सुबह-शाम बढ़ती ठिठुरन के साथ मौसमी बीमारियों ने भी दस्तक देनी शुरू कर दी है। बदलते मौसम का असर लोगों की सेहत पर पड़ रहा है। सर्दी, खांसी, जुकाम, बुखार और गले में संक्रमण के मरीज बढ़ने लगे हैं। जिला नागरिक अस्पताल में फिजिशियन की ओपीडी भी 350 के पार पहुंच गई है।
चिकित्सकों ने लोगों को खानपान और पहनावे में बदलाव कर ठंड से बचाव करने की सलाह दी है। जिला नागरिक अस्पताल के फिजिशियन के अनुसार मौसम में बदलाव के दौरान थोड़ी सी लापरवाही भी सेहत पर भारी पड़ सकती है। सुबह और शाम घर से बाहर निकलते समय गर्म कपड़े पहनें।
सिर, कान और गले को ठंडी हवा से बचाकर रखें। बच्चों और बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखें क्योंकि उन पर मौसम का असर जल्दी पड़ सकता है। खानपान में भी सावधानी जरूरी है। भोजन में गर्म और पौष्टिक चीजें शामिल करें। मौसमी फल, हरी सब्जियां और पर्याप्त पानी का सेवन करें। ठंडी चीजों और खुले में रखे खाद्य पदार्थों से परहेज करें। संतुलित आहार सेहत को बेहतर बनाए रखने में मददगार होता है।
चिकित्सकों ने सलाह दी कि सर्दी, खांसी या बुखार होने पर लापरवाही न बरतें। जरूरत पड़ने पर चिकित्सक से परामर्श लें। बिना डॉक्टर की सलाह के दवाइयां लेने से बचें। समय पर सावधानी बरतकर मौसमी बीमारियों से बचाव किया जा सकता है।