शुक्रवार, 20 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
रामपुर बुशहर

Rampur Bushahar News:नशे के खिलाफ ग्राम पंचायत थाना ननखड़ी सख्त चिट्टे की पांच ग्राम की सीमा समाप्त करने की मांग – Concern Expressed Over Rising Drug Abuse At A Meeting Of The De-addiction Committee

November 20, 2026


नशा निवारण समिति की बैठक में बढ़ते नशे पर जताई चिंता

संवाद न्यूज एजेंसी

ननखड़ी (रामपुर बुशहर)। क्षेत्र में बढ़ते नशे के प्रचलन पर अंकुश लगाने के लिए ग्राम पंचायत थाना ननखड़ी ने सख्त कदम उठाने की पहल की है। शुक्रवार को पंचायत भवन में पंचायत प्रधान अभिषेक मेहता की अध्यक्षता में नशा निवारण समिति की बैठक हुई। बैठक में नशे के बढ़ते प्रचलन पर गहरी चिंता जताते हुए सरकार से चिट्टे की पांच ग्राम की निर्धारित सीमा समाप्त करने की मांग उठाई गई। इस संबंध में पंचायत ने प्रस्ताव भी पारित किया। बैठक में सदस्यों ने कहा कि नशे की समस्या युवा पीढ़ी के भविष्य के लिए गंभीर चुनौती बनती जा रही है। इस पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए समाज के सभी वर्गों को एकजुट होकर प्रयास करने की आवश्यकता है। पंचायत ने सरकार से चिट्टे की पांच ग्राम की सीमा समाप्त कर नशे के खिलाफ कड़े प्रावधान करने का आग्रह किया। इस दौरान तहसीलदार ननखड़ी अनिल शर्मा ने भी क्षेत्र में बढ़ते नशे के प्रचलन पर चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि नशे जैसी सामाजिक बुराई को समाप्त करने के लिए प्रशासन के साथ-साथ आम लोगों की भागीदारी भी जरूरी है। उन्होंने पंचायत प्रतिनिधियों, महिला मंडलों और स्थानीय लोगों से नशे के खिलाफ एकजुट होकर अभियान चलाने और युवाओं को इसके दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने का आह्वान किया।

हिजड़ों को बधाई के रूप में 1,100 रुपये देने का लिया फैसला

बैठक में एक अन्य महत्वपूर्ण निर्णय लेते हुए हिजड़ों को बधाई के रूप में दी जाने वाली राशि 1,100 रुपये निर्धारित की गई। साथ ही निर्णय लिया गया कि यदि कोई व्यक्ति इस निर्धारित राशि से अधिक देता है तो पंचायत की ओर से उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। बैठक के अंत में सभी सदस्यों ने नशे के खिलाफ सामूहिक प्रयास करने और युवाओं को इस सामाजिक बुराई से बचाने के लिए जागरूकता अभियान चलाने पर जोर दिया। बैठक में पंचायत सचिव नारायण असक, उपप्रधान बहादुर सिंह, वार्ड पंच अनीता देवी, बीना देवी और प्रदीप कुमार, पुलिस विभाग से हरि राम, आशा कार्यकर्ता, महिला मंडल प्रधान सहित अन्य महिलाएं और स्थानीय लोग उपस्थित रहे।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X