रविवार, 29 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
प्रतापगढ़

Pratapgarh News:25 किमी की दौड़… जज्बा इंडिया खेलने का – A 25 Km Run… The Passion To Play For India

November 21, 2026


मंजिल पाने का जुनून हो तो मुश्किल रास्ते भी आसान हो जाते हैं। कुछ ऐसा ही जज्बा रानीगंज के बाबूपट्टी निवासी रितिक श्रीवास्तव में देखने को मिल रहा है।

मध्यमवर्गीय परिवार से जुड़े रितिक इंडिया के लिए खेलने का जज्बा लेकर 25 किमी दूर से स्टेडियम आते हैं। अपनी मेहनत और लगन के दम पर वह लगातार उपलब्धियां हासिल कर रहे हैं।

रितिक के पिता राजेंद्र श्रीवास्तव पेशे से अधिवक्ता हैं, जबकि मां गृहिणी हैं। रितिक दाएं हाथ के बल्लेबाज होने के साथ स्पिन गेंदबाजी में भी माहिर हैं। शहर के मीराभवन स्थित स्टेडियम में कोच आदित्य शुक्ला के संरक्षण में क्रिकेट की बारीकियां सीख रहे हैं।

अभ्यास के लिए उन्हें रोजाना गांव से करीब 25 किलोमीटर का सफर तय करना पड़ता है। ऑटो और ई-रिक्शा से स्टेडियम पहुंचकर वह मैदान पर पसीना बहाते हैं।

रितिक का क्रिकेट सफर वर्ष 2016 में उत्तर प्रदेश गवर्नमेंट हॉस्टल से शुरू हुआ। वर्ष 2020 तक कानपुर के ग्रीनपार्क, फतेहपुर और मैनपुरी में उन्हें अपनी प्रतिभा निखारने का मौका मिला। वर्ष 2020 में उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन की अंडर-19 चैलेंजर ट्रॉफी में भी प्रतिभाग किया।

वर्ष 2026 में अयोध्या प्रीमियर लीग में बेस्ट बॉलर और त्रिपुरा सुपर डिवीजन लीग में भी बेस्ट बॉलर का खिताब जीता। कोच आदित्य शुक्ला ने बताया कि आईपीएल में वह लखनऊ के लिए नेट बॉलिंग भी कर चुके हैं।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X