Kushinagar News:पराली जलाने से धुएं का गुबार राहगीरों को हुई दिक्कत – Plumes Of Smoke From Stubble Burning Cause Trouble For Commuters
सुकरौली। क्षेत्र में पराली जलाने पर रोक लगाने और किसानों को जागरूक करने के लिए प्रशासन की ओर से अभियान चलाए जा रहे हैं लेकिन इसका असर जमीनी स्तर पर नहीं दिख रहा है। शुक्रवार को सुकरौली क्षेत्र में पराली जलाए जाने से नहर रोड पर धुएं का घना गुबार छा गया। इससे राहगीरों और वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा। सड़क पर धुआं फैलने से वाहन चालकों को आगे का रास्ता दिखाई देने में दिक्कत हुई। वहीं, धुआं अस्पताल परिसर के आसपास तक पहुंच गया, जिससे मरीजों और तीमारदारों को भी परेशानी उठानी पड़ी। सांस संबंधी बीमारियों से जूझ रहे लोगों के लिए स्थिति और मुश्किल हो गई।
स्थानीय लोगों का कहना है कि प्रशासन की ओर से जागरूकता शिविर आयोजित कर किसानों को पराली न जलाने और उसके निस्तारण के वैकल्पिक उपाय बताए जा रहे हैं इसके बावजूद खुलेआम पराली जलाई जा रही है। लोगों ने संबंधित विभाग से गांवों में नियमित निगरानी करने और पराली जलाने वालों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है, ताकि लोगों को धुएं से होने वाली परेशानी से राहत मिल सके।
