Bhiwani News:एसएमजीटी पोर्टल की शिकायतों के निपटारे में भिवानी अव्वल, मुख्यालय ने डीसी साहिल गुप्ता की कार्यशैली को सराहा – The Headquarters Appreciated Dc Sahil Gupta’s Working Style
भिवानी। सरकारी दफ्तरों के चक्कर और शिकायतों पर लंबा इंतजार आमजन की बड़ी परेशानी है लेकिन एसएमजीटी पोर्टल पर शिकायतों के समाधान में भिवानी ने प्रदेश में पहला स्थान हासिल किया है। 15 नवंबर तक जिले में शिकायतों के निपटारे का औसत 99.88 प्रतिशत दर्ज किया गया। इस उपलब्धि पर मुख्यालय स्तर पर डीसी साहिल गुप्ता की कार्यशैली की सराहना की गई।
गुरुग्राम मेट्रोपॉलिटन डेवलपमेंट अथॉरिटी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी डीके बहेरा ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए प्रदेशभर के जिलाधिकारियों के साथ सीएम विंडो और एसएमजीटी पोर्टल की समीक्षा की। उन्होंने भिवानी की कार्यप्रणाली की प्रशंसा करते हुए कहा कि सरकार का उद्देश्य लोगों की समस्याओं का त्वरित समाधान करना है, ताकि उन्हें सरकारी कार्यालयों के अनावश्यक चक्कर न लगाने पड़ें।
इसके बाद डीआरडीए सभागार में डीसी साहिल गुप्ता ने विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक की। उन्होंने निर्देश दिए कि शिकायतों का प्राथमिकता से स्थायी समाधान किया जाए। कोई भी शिकायत अनावश्यक रूप से लंबित न रहे।
डीसी ने कहा कि समाधान के बाद संबंधित विभाग कार्य की फोटो सहित स्पष्ट एक्शन टेकन रिपोर्ट (एटीआर) पोर्टल पर अपलोड करें। प्रत्येक विभाग नोडल अधिकारी नियुक्त करे, ताकि शिकायतकर्ता सीधे संपर्क कर सके। मुख्यालय स्तर की शिकायतों को अलग से चिह्नित किया जाए।
उन्होंने समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निपटारे के साथ शिकायतकर्ता की संतुष्टि को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। बैठक में डीएफओ विपिन कुमार, सीटीएम अनिल कुमार, डीडीपीओ सोमबीर कादयान, डीएसपी महेश कुमार और डीईओ निर्मल दहिया मौजूद रहे।
