रविवार, 29 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
कुल्लू

Kullu News:व्यावसायिक परिसर में सुरक्षा इंतजामों पर सौंपा मांगपत्र – Memorandum Of Demands Submitted Regarding Security Arrangements At The Business Premises

November 21, 2026


कुल्लू। शहर के व्यावसायिक परिसर में सफाई व्यवस्था और सुरक्षा इंतजामों की बदहाली से परेशान व्यापारियों ने उपायुक्त कुल्लू को मांग पत्र सौंपकर समस्याओं के समाधान का आग्रह किया है। व्यापारियों ने पूरे परिसर में नियमित सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने, चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने और मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध करवाने की मांग उठाई है। मांग पत्र में परिसर में सीसीटीवी कैमरे स्थापित करने, निकासी नालियों की सफाई करवाने और जगह-जगह कूड़ेदान लगाने का आग्रह किया गया है।

व्यापारियों ने बताया कि परिसर में लंबे समय से गंदगी का आलम बना हुआ है। सफाई व्यवस्था सुचारु न होने से दुकानदारों के साथ यहां आने वाले ग्राहकों को भी परेशानी झेलनी पड़ रही है। वहीं, आए दिन चोरी की घटनाएं सामने आने से व्यापारियों में असुरक्षा की चिंता बढ़ गई है।

व्यापारियों ने बताया कि वे हर महीने दुकानों का 30 से 40 हजार रुपये तक किराया अदा करते हैं, लेकिन परिसर में सफाई और सुरक्षा जैसी जरूरी सुविधाएं उपलब्ध नहीं हो पा रही हैं। व्यापारी मान सिंह, अशोक, दीपक और रोहित ने बताया कि पूरे परिसर में गंदगी फैली रहती है। सुरक्षा के उचित प्रबंध भी नहीं हैं। उपायुक्त ने व्यापारियों को आश्वासन दिया है कि समस्याओं के समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को उचित दिशा-निर्देश जारी किए जाएंगे। संवाद

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X