भिंड जिले के मौ थाने से पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करने वाला एक वीडियो सामने आया है। थाने के अंदर अपने चैंबर में बैठकर फरियादी को कथित तौर पर गाली देने वाले थाना प्रभारी रघुवीर मीणा पर एसपी ने कार्रवाई की है। वायरल वीडियो का संज्ञान लेते हुए भिंड एसपी सूरज वर्मा ने टीआई रघुवीर मीणा को लाइन अटैच कर दिया है।
मामला दो पक्षों के बीच हुए विवाद से जुड़ा है। बताया जा रहा है कि एक फरियादी विवाद की शिकायत लेकर मौ थाने पहुंचा था। फरियादी अपने मोबाइल में विवाद से जुड़ा वीडियो भी थाना प्रभारी को दिखा रहा था। इसी दौरान थाना प्रभारी रघुवीर मीणा वीडियो के आधार पर फरियादी को ही उसकी गलती बताने लगे। देखते ही देखते बातचीत का लहजा बदल गया और थाना प्रभारी फरियादी के साथ कथित तौर पर गाली-गलौज करने लगे।
ये भी पढ़ें- मध्यप्रदेश: कौन हैं IPS अभिजीत रंजन, जिनके खिलाफ केंद्रीय गृह मंत्रालय ने जांच के लिए लिखा पत्र
थाने के चैंबर में हुई इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। सवाल यह है कि जिस थाने में आम नागरिक अपनी शिकायत और न्याय की उम्मीद लेकर पहुंचता है, अगर उसी थाने में उसके साथ इस तरह का व्यवहार किया जाए तो वह अपनी फरियाद लेकर आखिर कहां जाएगा?
मामले की गंभीरता को देखते हुए भिंड एसपी सूरज वर्मा ने तत्काल कार्रवाई करते हुए थाना प्रभारी रघुवीर मीणा को लाइन अटैच कर दिया है। वहीं, मौ थाने की कमान पुलिस लाइन में पदस्थ टीआई अनिल गुर्जर को सौंपी गई है। इस कार्रवाई के बाद पुलिस के व्यवहार और थानों में फरियादियों के सम्मान को लेकर एक बार फिर बहस छिड़ गई है। फिलहाल वायरल वीडियो ने पुलिस की कार्यशैली पर कई सवाल खड़े कर दिए हैं।