रविवार, 29 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
ग़ाज़ीपुर

Ghazipur News:प्राइवेट अस्पतालों व डायग्नोस्टिक सेंटरों पर छापा – Raids On Private Hospitals And Diagnostic Centers

November 21, 2026


भड़सर। जंगीपुर में शुक्रवार को स्वास्थ्य विभाग की टीम ने निजी अस्पतालों और डायग्नोस्टिक सेंटरों पर छापा मारा। कार्रवाई की सूचना मिलते ही क्षेत्र में संचालित कई अस्पतालों और पैथोलॉजी सेंटर के संचालक शटर गिराकर मौके से भाग गए।

डिप्टी सीएमओ डॉ. एके सरोज ने बताया कि मऊ के मिर्जाहादीपुर निवासी नगमा खातून ने आईजीआरएस पोर्टल के माध्यम से शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में जंगीपुर क्षेत्र के लावा मोड़ स्थित मालती सेवा सदन और शेखपुर स्थित रुद्रा हॉस्पिटल के अवैध रूप से संचालित होने का आरोप लगाया गया था। शिकायतकर्ता ने दोनों संस्थानों के पंजीकरण, चिकित्सकों की निर्धारित योग्यता और विभागीय अनुमति की जांच कर कार्रवाई की मांग की थी। शिकायत के आधार पर स्वास्थ्य विभाग की टीम ने दोनों स्थानों पर पहुंचकर जांच की।

इस दौरान मालती सेवा सदन पर कोई भी जिम्मेदार व्यक्ति मौजूद नहीं मिला। वहां प्रकाश डायग्नोस्टिक सेंटर संचालित पाया गया। टीम ने संचालक को नोटिस जारी कर पंजीकरण और संचालन से संबंधित अभिलेख एवं प्रमाण प्रस्तुत करने का निर्देश दिया। निर्धारित प्रमाण नहीं मिलने पर आगे कार्रवाई की जाएगी। वहीं शेखपुर स्थित रुद्रा हॉस्पिटल की जांच में पंजीकृत चिकित्सक के अस्पताल में मौजूद नहीं होने और ओपीडी रजिस्टर उपलब्ध नहीं होने की बात सामने आई। मौके पर कोई मरीज भी भर्ती नहीं मिला। इस संबंध में अस्पताल को नोटिस जारी किया गया है।

डिप्टी सीएमओ ने बताया कि शिकायत में लगाए गए आरोपों की जांच की जा रही है। अनियमितता पाए जाने पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। जांच टीम में नोडल अधिकारी डॉ. शैलेश और डॉ. एमके सिंह शामिल रहे।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X