बहल। नॉर्थ जोन इंटर यूनिवर्सिटी महिला हैंडबाल चैंपियनशिप में शुक्रवार को चार टीमों ने लीग चरण में प्रवेश किया। चारों टीमों ने ऑल इंडिया इंटर यूनिवर्सिटी चैंपियनशिप के लिए भी क्वालीफाई कर लिया है। प्रतियोगिता का आयोजन चौधरी बंसी लाल विश्वविद्यालय (सीबीएलयू) और भारतीय विश्वविद्यालय संघ (एआईयू) के संयुक्त तत्वावधान में बीआरसीएम कॉलेज बहल में किया जा रहा है।
तीसरे दिन खेले गए मुकाबलों में चौधरी बंसीलाल विश्वविद्यालय भिवानी ने सरदार पटेल यूनिवर्सिटी मंडी को हराया। चौधरी रणबीर सिंह विश्वविद्यालय (सीआरएसयू) जींद ने जीएनडीयू अमृतसर को हराया। लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी फगवाड़ा ने पंजाब यूनिवर्सिटी चंडीगढ़ और पंजाबी यूनिवर्सिटी पटियाला ने नीलम यूनिवर्सिटी कैथल को पराजित किया।
आयोजन सचिव डॉ. सुरेश कुमार मलिक ने बताया कि लीग मुकाबले शनिवार को खेले जाएंगे। इसके बाद विजेता टीमों को सम्मानित किया जाएगा। समापन समारोह में सीबीएलयू की कुलपति प्रो. दीप्ति धर्माणी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगी।