Bhiwani News:पंचायतों के खजाने से छह करोड़ की रकम गायब, 312 पंचायतों और सात पंचायत समितियों के खातों से लेन-देन बंद – Six Crore Rupees Missing From The Panchayat Funds, Transactions Halted In Accounts Of 312 Panchayats And Seven Panchayat Committees
भिवानी। पंचायतों के विकास के लिए सरकारी खजाने से भेजी गई करोड़ों रुपये की राशि पर साइबर ठगों ने सेंध लगा दी। जिले में पंचायती राज संस्थाओं के बैंक खातों से करीब 6.04 करोड़ रुपये गायब हुए हैं। जिले की पांच पंचायत समितियों के खातों से 2.97 करोड़ और सात खंडों की 34 ग्राम पंचायतों के खातों से 3.07 करोड़ रुपये निकाले गए हैं। एहतियात के तौर पर जिले की 312 ग्राम पंचायतों और सात पंचायत समितियों के बैंक खातों से लेन-देन पर रोक लगा दी गई है। भुगतान अटकने से कई विकास कार्य अधर में लटक गए हैं।
जिले में भिवानी, बवानीखेड़ा, बहल, तोशाम, कैरू, लोहारू और सिवानी पंचायत समीतियां शामिल हैं। सबसे बड़ी सेंध लोहारू पंचायत समिति के बैंक खातों में लगी है। यहां से 1 करोड़ 24 लाख रुपये निकाले जाने का मामला सामने आया है। किसी पंचायत के खाते से 10 लाख तो किसी के खाते से 15 लाख रुपये गायब हुए हैं। विभाग के अधिकारी मुख्यालय के साथ मिलकर मामले की परतें खोलने में जुटे हैं। संवाद
पीएनबी से जुड़े हैं सभी खाते
जिला विकास एवं पंचायत अधिकारी सोमबीर कादयान ने बताया कि सभी खाते पंजाब नेशनल बैंक में खोले गए थे। राशि निदेशालय से संबंधित बैंकों के माध्यम से निकली है। इसमें स्थानीय अधिकारियों और ग्राम पंचायतों की कोई भूमिका नहीं है। फिलहाल पांच पंचायत समितियों और सात खंडों की ग्राम पंचायतों के खातों से राशि निकाले जाने का आंकड़ा सामने आया है।
खातों पर ताला, विकास की रफ्तार थमी
बैंक खातों से करोड़ों रुपये गायब होने के बाद विभाग ने जिले की सभी ग्राम पंचायतों और सातों पंचायत समितियों के खातों में लेन-देन पर रोक लगा दी है। इसका असर गांवों में चल रहे विकास कार्यों पर दिखाई देने लगा है। निर्माण कार्यों से लेकर अन्य विकास योजनाओं के भुगतान अटक गए हैं। सरकार की ओर से भी इन खातों में भेजी जाने वाली राशि फिलहाल रुक गई है।
किस पंचायत समिति के खाते से कितनी राशि निकली
पंचायत समिति
राशि (रुपये में)
भिवानी
16 लाख
बवानीखेड़ा 57.18 लाख
तोशाम
40 लाख
कैरू
65 लाख
लोहारू
1.24 करोड़
कुल
2.97 करोड़
सात खंडों की पंचायतों के खातों से निकली राशि
खंड
राशि (रुपये में)
बहल
52 लाख
लोहारू
10 लाख
कैरू
15 लाख
तोशाम
44 लाख
बवानीखेड़ा 34 लाख
भिवानी
1.28 करोड़
सिवानी
23 लाख
कुल
3.07 करोड़ रुपये
ग्राम पंचायतों और पंचायत समितियों के सभी बैंक खाते पंजाब नेशनल बैंक में खोले गए थे। इन खातों से छह करोड़ रुपये से अधिक की राशि साइबर ठगों ने निकाली है। मुख्यालय के अधिकारियों को अवगत करा दिया है। फिलहाल सभी ग्राम पंचायतों और पंचायत समितियों के बैंक खातों में लेन-देन पर पूरी तरह पाबंदी लगा दी गई है। – सोमबीर कादयान, जिला विकास एवं पंचायत अधिकारी, भिवानी।
