राजस्थान:जयपुर से बाइक चुराकर गांव में छिपाता था आरोपी, दौसा पुलिस ने 8 मोटरसाइकिलें कीं बरामद – Salempur-police-bust-bike-theft-one-arrested-8-bikes-recovered
दौसा जिले की सलेमपुर थाना पुलिस ने मोटरसाइकिल चोरी के मामले का खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की 8 मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। पुलिस के अनुसार, ये बाइक जयपुर जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों से चोरी की गई थीं। कार्रवाई थाना अधिकारी संत चरण सिंह गुर्जर के नेतृत्व में की गई।
थाना अधिकारी संत चरण सिंह गुर्जर ने बताया कि पुलिस लंबे समय से मोटरसाइकिल चोरी की घटनाओं और आरोपियों की तलाश कर रही थी। जयपुर और दौसा जिले में लगातार बाइक चोरी की शिकायतें मिल रही थीं। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि एक युवक चोरी की मोटरसाइकिलें लाकर गांव में छिपाकर रखता है। सूचना के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई की योजना बनाई।
मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने बैसला का पूरा औड गुर्जर निवासी मनीष गुर्जर को हिरासत में लिया। पूछताछ के लिए उसे थाने लाया गया, जहां उसने बाइक चोरी की वारदातों में शामिल होने की बात कबूल की।
घर के पास छिपाकर रखता था चोरी की बाइकें
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में मनीष ने बताया कि वह अपने साथियों के साथ जयपुर से मोटरसाइकिलें चोरी कर लाता था और उन्हें घर के पास छिपाकर रखता था। इसके बाद पुलिस टीम उसके घर पहुंची। वहां बने कमरों से 8 मोटरसाइकिलें बरामद हुईं।
पुलिस ने जब आरोपी से बाइकों के दस्तावेज मांगे तो उसने बताया कि वह उनका पंजीकृत मालिक नहीं है और साथियों के साथ चोरी करके उन्हें यहां लाया था। पुलिस ने सभी 8 मोटरसाइकिलें जब्त कर ली हैं। बरामद बाइकों के चेसिस और इंजन नंबर के आधार पर उनके असली मालिकों का पता लगाया जा रहा है।
पुलिस का कहना है कि आरोपी जयपुर के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में भीड़भाड़ वाली जगहों, बाजारों और अस्पतालों के बाहर खड़ी मोटरसाइकिलों को निशाना बनाता था। चोरी करने के बाद वह उन्हें गांव में लाकर छिपा देता था। बाद में उन्हें बेचने की तैयारी थी।
पुलिस अब आरोपी के अन्य साथियों की तलाश कर रही है। साथ ही यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि उसने अब तक कितनी मोटरसाइकिलें चोरी की हैं और कितनी बाइकों को बेच चुका है। मामले में गिरोह के अन्य सदस्यों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। फिलहाल, आरोपी मनीष गुर्जर से पूछताछ जारी है। पुलिस को उम्मीद है कि पूछताछ में बाइक चोरी की अन्य वारदातों का भी खुलासा हो सकता है।
