Hamirpur (himachal) News:हमीरपुर के वार्ड-दो में खुलेगी उचित मूल्य की दुकान, 17 दिसंबर तक करें आवेदन – A Fair-price Shop Will Be Opened In Ward 2 Of Hamirpur; Submit Applications By December 17
हमीरपुर। खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग ने नगर निगम हमीरपुर के वार्ड नंबर-दो में उचित मूल्य की दुकान खोलने के लिए 17 दिसंबर तक ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए हैं।
विभाग की जिला नियंत्रक आंचल कुमारी ने बताया कि इच्छुक व्यक्ति और संस्थाएं विभागीय पोर्टल emerginghimachal.hp.gov.in पर सभी आवश्यक दस्तावेजों के साथ आवेदन कर सकते हैं। ऑफलाइन आवेदन स्वीकार नहीं किए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि दुकान आवंटन में पहली प्राथमिकता सार्वजनिक संस्थाओं, स्थानीय निकायों, स्वयं सहायता समूहों, सहकारी सभाओं और महिलाओं के समूहों को दी जाएगी। एक से अधिक संस्थाओं के आवेदन करने पर पंजीकृत संस्था को अधिमान मिलेगा।
दूसरी प्राथमिकता विधवा या एकल नारी, दुकान चलाने में सक्षम दिव्यांग व्यक्ति, भूतपूर्व सैनिक और बेरोजगार व्यक्ति को दी जाएगी। हिमाचल प्रदेश राज्य नागरिक आपूर्ति निगम लिमिटेड को तीसरी प्राथमिकता मिलेगी।
आवेदन के लिए न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता मैट्रिक और आयु सीमा 18 से 45 वर्ष निर्धारित की गई है। मेरिट निर्धारण के लिए उच्च शैक्षणिक योग्यता, बीपीएल, एससी, एसटी, ओबीसी और दिव्यांगता से संबंधित प्रमाण पत्र भी अपलोड किए जा सकते हैं।
विधवा या एकल नारी होने के प्रमाण और संबंधित वार्ड का निवासी होने की स्थिति में पंचायत सचिव द्वारा जारी प्रमाणपत्र सहित अन्य आवश्यक दस्तावेज भी आवेदन के साथ अपलोड करने होंगे।
