रविवार, 29 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
सागर:सोहेल खान ने तीन प्रतियोगिताओं में जीते तीन गोल्ड, लगातार 25वें राष्ट्रीय स्वर्ण पदक का रिकॉर्ड बनाया – Sohail Khan Wins Three Golds, Sets Record With 25th Straight National Gold Medal In Stellar Show
सागर

सागर:सोहेल खान ने तीन प्रतियोगिताओं में जीते तीन गोल्ड, लगातार 25वें राष्ट्रीय स्वर्ण पदक का रिकॉर्ड बनाया – Sohail Khan Wins Three Golds, Sets Record With 25th Straight National Gold Medal In Stellar Show

November 21, 2026


मध्य प्रदेश के कूडो खिलाड़ी मोहम्मद सोहेल खान ने तीन प्रमुख कूडो प्रतियोगिताओं में शानदार प्रदर्शन करते हुए तीन स्वर्ण पदक अपने नाम किए हैं। इसके साथ ही उन्होंने लगातार 25 राष्ट्रीय स्वर्ण पदक जीतने का अपना रिकॉर्ड भी बरकरार रखा है। अब उनकी नजर वर्ष 2027 में होने वाली विश्व चैंपियनशिप के चयन ट्रायल पर है।

मध्य प्रदेश का प्रतिनिधित्व करते हुए सोहेल खान ने सीनियर पुरुष वर्ग (21 वर्ष से अधिक आयु) की -250 PI श्रेणी में 17वीं आधिकारिक राष्ट्रीय कूडो प्रतियोगिता, 7वें कूडो फेडरेशन कप और 18वें अक्षय कुमार कूडो इंटरनेशनल टूर्नामेंट 2026-27 में स्वर्ण पदक जीते।

अहमदाबाद के वीर सावरकर स्टेडियम में आयोजित 17वीं आधिकारिक राष्ट्रीय कूडो प्रतियोगिता में खान ने क्वार्टर फाइनल में छत्तीसगढ़ के उपेंद्र प्रधान को नॉकआउट से हराया। सेमीफाइनल में हिमाचल प्रदेश के देवांश जायसवाल को 30 सेकंड से भी कम समय में चोक सबमिशन के जरिए पराजित किया। फाइनल में हरियाणा के दीपक कुमार को नॉकआउट से हराकर पहला स्वर्ण पदक हासिल किया।

इसके बाद 7वें कूडो फेडरेशन कप में उन्होंने महाराष्ट्र के सुदर्शन अशोक धाक को ट्रायंगल लॉक सबमिशन से हराया। क्वार्टर फाइनल में राजस्थान के विष्णु कुमार गोडोदिया को 2-0 से पराजित किया, जबकि सेमीफाइनल में देवांश जायसवाल के खिलाफ सर्वसम्मत रेफरी निर्णय से जीत दर्ज की। फाइनल में दीपक कुमार को नॉकआउट से हराकर दूसरा स्वर्ण पदक अपने नाम किया।

पढ़ें; महाकाल की सवारी में चिलम जैसी वस्तु दिखने पर विवाद, श्रद्धालुओं ने की शिकायत; कार्रवाई की उठी मांग

18वें अक्षय कुमार कूडो इंटरनेशनल टूर्नामेंट 2026-27 में भी सोहेल का शानदार प्रदर्शन जारी रहा। उन्होंने दूसरे राउंड में आर्मबार सबमिशन से जीत दर्ज की। क्वार्टर फाइनल में नॉकआउट से मुकाबला जीता और सेमीफाइनल में 4-0 के रेफरी निर्णय से फाइनल में जगह बनाई। खिताबी मुकाबले में एक ही प्रहार से नॉकआउट जीत हासिल कर तीसरा स्वर्ण पदक जीत लिया।

अपनी उपलब्धि पर सोहेल खान ने कहा, “तीनों प्रतियोगिताओं में स्वर्ण पदक जीतना मेरे लिए गर्व का क्षण है। हर मुकाबला एक अलग चुनौती लेकर आता है। मैं अपनी मेहनत, अनुशासन और इस सफर में मिले सभी लोगों के सहयोग के लिए आभारी हूं। लगातार 25वां राष्ट्रीय स्वर्ण पदक जीतने से मुझे और बेहतर करने तथा 2027 विश्व चैंपियनशिप के चयन ट्रायल की तैयारी के लिए नई प्रेरणा मिली है।” खान ने अपनी सफलता का श्रेय प्रशिक्षकों को देते हुए कूडो इंडिया के मुख्य कोच हर्षि मेहुल वोरा के मार्गदर्शन और सहयोग तथा कूडो मध्य प्रदेश के मुख्य कोच डॉ. मोहम्मद अयाज खान के निरंतर समर्थन के प्रति आभार जताया।

आगामी योजनाओं के बारे में उन्होंने बताया कि अगले महीने एक अंतरराष्ट्रीय प्रशिक्षण शिविर प्रस्तावित है। इसमें विश्व ADC चैंपियन मिको हाइटोनेन भी शामिल होंगे। शिविर का मुख्य उद्देश्य भारतीय कूडो खिलाड़ियों की ग्राउंड फाइटिंग तकनीकों को बेहतर बनाना और उनके कौशल को अंतरराष्ट्रीय स्तर के अनुरूप विकसित करना है। तीन प्रतियोगिताओं में तीन स्वर्ण पदक और लगातार 25 राष्ट्रीय स्वर्ण पदक जीतने की उपलब्धि के साथ सोहेल खान अब 2027 विश्व चैंपियनशिप के चयन ट्रायल की तैयारी में जुट गए हैं।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X