रविवार, 29 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
सागर:नौ बार के विधायक गोपाल भार्गव का बड़ा एलान, बोले-सिंचाई परियोजना पूरी होते ही लूंगा राजनीति से संन्यास – 9-term Mla Gopal Bhargava Vows To Retire From Politics Once Pending Irrigation Project Finishes
सागर

सागर:नौ बार के विधायक गोपाल भार्गव का बड़ा एलान, बोले-सिंचाई परियोजना पूरी होते ही लूंगा राजनीति से संन्यास – 9-term Mla Gopal Bhargava Vows To Retire From Politics Once Pending Irrigation Project Finishes

November 25, 2026


9-term MLA Gopal Bhargava vows to retire from politics once pending irrigation project finishes

पूर्व मंत्री गोपाल भार्गव

विस्तार

मध्यप्रदेश की राजनीति के दिग्गज चेहरों में शुमार और सागर जिले की रहली विधानसभा से लगातार नौ बार के भाजपा विधायक गोपाल भार्गव ने अपने राजनीतिक भविष्य को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने सार्वजनिक मंच से घोषणा की है कि उनके विधानसभा क्षेत्र की अधूरी सिंचाई परियोजना का काम पूरा होते ही वे राजनीति से संन्यास ले लेंगे। भार्गव के इस एलान के बाद प्रदेश के सियासी गलियारों में हलचल तेज हो गई है।

पूर्व मंत्री गोपाल भार्गव रहली विधानसभा क्षेत्र के बलेह में आयोजित एक सार्वजनिक कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने क्षेत्र के विकास और किसानों को सिंचाई सुविधा उपलब्ध कराने के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। संबोधन के बीच उन्होंने भावुक और स्पष्ट लहजे में कहा कि रहली के लिए जो सिंचाई परियोजना अधूरी है, उसे पूरा कराने के बाद वे राजनीति से विदाई ले लेंगे। मंच से किए गए इस एलान को उनके लंबे राजनीतिक सफर के संभावित अंतिम पड़ाव के रूप में देखा जा रहा है।

ये भी पढ़ें- ‘लाडली बहना योजना की राशि से अंडा-मुर्गा खाओ’: भाजपा विधायक का अनोखा बयान,महिलाओं से कहा- वोट कमल को देना

मंत्री पद न मिलने के बाद से चल रही थी चर्चाएं

गौरतलब है कि प्रदेश में डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में बनी भाजपा सरकार के मंत्रिमंडल में वरिष्ठता के बावजूद गोपाल भार्गव को जगह नहीं मिली थी। इसके बाद से ही राजनीतिक हल्कों में उनकी नाराजगी को लेकर लगातार चर्चाएं होती रही हैं। हालांकि, भार्गव ने अपने इस बयान को सीधे तौर पर मंत्री पद से जोड़कर कुछ नहीं कहा है, लेकिन संन्यास के एलान ने सियासी कयासों को और हवा दे दी है।

दशकों से रहा है रहली की राजनीति में दबदबा

गोपाल भार्गव मध्यप्रदेश भाजपा के सबसे वरिष्ठ और अनुभवी नेताओं में गिने जाते हैं। वे सागर की रहली सीट से लगातार 9 बार भाजपा के टिकट पर चुनाव जीतकर विधानसभा पहुंचे हैं। संगठन और सदन दोनों में लंबा अनुभव रखने वाले भार्गव प्रदेश सरकार में कई अहम विभागों के मंत्री रहने के साथ-साथ विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष की जिम्मेदारी भी संभाल चुके हैं।

कब होगी परियोजना पूरी, टिकीं निगाहें

भार्गव के इस बयान के बाद अब यह बहस छिड़ गई है कि क्या वे आगामी चुनावों से पहले ही सक्रिय राजनीति से दूरी बना लेंगे या परियोजना के पूरा होने तक मैदान में डटे रहेंगे। फिलहाल, उन्होंने अपनी राजनीतिक विदाई को सीधे तौर पर रहली की अधूरी सिंचाई परियोजना के पूरा होने की शर्त से जोड़ दिया है। अब सबकी निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि यह परियोजना कब तक पूरी होती है और भार्गव का अगला कदम क्या होगा।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X