रविवार, 29 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
एमपी:काशी की तर्ज पर जगमगाई सागर की लाखा बंजारा झील, लाखों दीपों से रोशन हुए घाट – Lakha Banjara Lake Dazzles Like Kashi As Dev Deepawali Celebrated With Lakhs Of Diyas And Fireworks
सागर

एमपी:काशी की तर्ज पर जगमगाई सागर की लाखा बंजारा झील, लाखों दीपों से रोशन हुए घाट – Lakha Banjara Lake Dazzles Like Kashi As Dev Deepawali Celebrated With Lakhs Of Diyas And Fireworks

November 24, 2026


कार्तिक पूर्णिमा के पावन अवसर पर मंगलवार को शहर की ऐतिहासिक लाखा बंजारा झील के किनारे भव्य देव दीपावली महोत्सव का आयोजन किया गया। काशी की तर्ज पर आयोजित इस दीपोत्सव में चकराघाट से गणेशघाट तक झील के घाट लाखों दीपों की रोशनी से जगमगा उठे। दीपों की रोशनी का प्रतिबिंब झील के पानी में अद्भुत छटा बिखेर रहा था। इस ऐतिहासिक आयोजन में हजारों शहरवासी शामिल हुए।

महोत्सव के दौरान दिव्य गंगा आरती, भव्य आतिशबाजी और मधुर संगीत ने पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया। कार्यक्रम में बुंदेली लोक संस्कृति की भी शानदार झलक देखने को मिली। कलाकारों ने ढोल-रमतूला, दुलदुल घोड़ी, बधाई, नौरता और बरेदी लोक नृत्यों की प्रस्तुतियां देकर उपस्थित लोगों का मन मोह लिया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक शैलेंद्र कुमार जैन ने कहा कि इस भव्य आयोजन को देखकर ऐसा प्रतीत हो रहा है, मानो काशी सागर में उतर आई हो। नगर निगम की ओर से शुरू की गई यह पहल सागर की सांस्कृतिक पहचान को राष्ट्रीय स्तर पर स्थापित कर रही है। उन्होंने स्वच्छ सर्वेक्षण में देश में तीसरा स्थान प्राप्त करने पर नगर निगम और शहरवासियों को बधाई दी।

पढ़ें: गुजरात के भुज में ट्रक ने ट्रैक्टर को मारी टक्कर, झाबुआ के एक ही गांव के चार मजदूरों की मौत

भाजपा जिलाध्यक्ष श्याम तिवारी ने दीपोत्सव को धार्मिक आस्था और सामाजिक समरसता का प्रतीक बताया। वहीं, निगम अध्यक्ष वृंदावन अहिरवार ने इसे ऐतिहासिक धरोहरों के संरक्षण की दिशा में प्रेरक कदम बताया।

निगमायुक्त राजकुमार खत्री ने कहा कि देव दीपावली का आयोजन शहर की स्वच्छता, जल संरक्षण और ऐतिहासिक धरोहरों को सहेजने के प्रति जनजागरूकता लाने का सशक्त माध्यम है। स्वच्छता के नाम पर नागरिकों की ओर से जलाया गया एक-एक दीप सामूहिक संकल्प का प्रतीक है।

आयोजन में लीगल राइट्स काउंसिल की प्रदेश अध्यक्ष अनुश्री जैन, पार्षदगण और बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। अंत में निगमायुक्त ने आयोजन को सफल बनाने के लिए सभी नागरिकों का आभार व्यक्त किया।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X