Pratapgarh News:अब नाले के सर्वे के बाद बिछेगी पीएनजी पाइपलाइन, रुका काम – Png Pipeline To Be Laid Following Survey Of The Drain; Work Currently On Hold
शहर में 12684 घरों तक पाइप्ड नेचुरल गैस (पीएनजी) की पाइपलाइन पहुंचाने का काम रुक गया है। पीडब्ल्यूडी चौराहे के पास से काम रोक दिया गया है। यहां नाला प्रस्तावित होने की वजह से काम रुका है। अब नगर पालिका की टीम की ओर से नाले का सर्वे होने के बाद कार्य शुरू किया जाएगा।
शहर में भारत पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड की ओर से पाइपलाइन बिछाने का कार्य शुरू किया। इसके लिए करीब एक अरब का बजट स्वीकृत हैं। नगरपालिका परिषद बेल्हा में पाइपलाइन बिछाने का काम अष्टभुजा नगर, पूरे ईश्वरनाथ, आवास विकास कॉलोनी, मीराभवन, शिक्षक नगर कॉलोनी में पूरा हो चुका है।
इन सभी मोहल्लों में 800 से अधिक घरों तक सप्लाई भी शुरू की गई है लेकिन पीडब्ल्यूडी कार्यालय से कटरा रोड पर प्रस्तावित नाले की वजह से काम रुक गया है। नगरपालिका की टीम अब पहले नाले का सर्वे करेगी। इसके लिए जमीन चिह्नित करेगी। ईओ राकेश कुमार ने बताया कि कार्यदायी संस्था की टीम से वार्ता हुई है। जल्द ही नाले का सर्वे पूरा कराकर संस्था को अवगत कराया जाएगा।
