शुभमन गिल न्यूजीलैंड के खिलाफ वेलिंगटन टेस्ट की पहली पारी में 98 रन बनाकर आउट हो गए। वह अपने टेस्ट करियर के एक और शतक से महज दो रन दूर रह गए। गिल अब न्यूजीलैंड की धरती पर टेस्ट क्रिकेट में भारत के कप्तान के तौर पर चौथा सबसे बड़ा व्यक्तिगत स्कोर बनाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं। इसके साथ ही वह टेस्ट क्रिकेट में भारत की कप्तानी करते हुए नर्वस 90 के शिकार होने वाले नौवें भारतीय कप्तान भी बन गए।
न्यूजीलैंड में भारतीय कप्तानों का सर्वोच्च स्कोर
न्यूजीलैंड में भारत के टेस्ट कप्तानों के सर्वोच्च व्यक्तिगत स्कोर की बात करें तो इस सूची में मोहम्मद अजहरुद्दीन शीर्ष पर हैं। उन्होंने 1990 में ऑकलैंड में 192 रन की शानदार पारी खेली थी। सुनील गावस्कर 1976 में ऑकलैंड में 116 रन बनाकर दूसरे स्थान पर हैं। अजहरुद्दीन ने ही 1998 में वेलिंगटन में नाबाद 103 रन बनाए थे। अब इस सूची में शुभमन गिल 98 रन के साथ चौथे स्थान पर आ गए हैं। महेंद्र सिंह धोनी ने 2014 में वेलिंगटन में 68 रन बनाए थे। गिल ने इस मामले में धोनी को पीछे छोड़ दिया है।
गिल के 98 रन पर आउट होने के साथ ही भारत और न्यूजीलैंड के टेस्ट इतिहास में एक दिलचस्प संयोग भी दोहराया गया। यह दूसरा मौका है, जब न्यूजीलैंड के खिलाफ टेस्ट में भारतीय कप्तान नर्वस 90 का शिकार हुए हैं। इससे पहले 2010 में नागपुर टेस्ट में धोनी भी 98 रन बनाकर पवेलियन लौटे थे। खास बात यह है कि धोनी को न्यूजीलैंड के तत्कालीन कप्तान डेनियल विटोरी ने आउट किया था। इस तरह 16 साल बाद एक बार फिर भारतीय कप्तान न्यूजीलैंड के खिलाफ 98 रन पर शतक से चूक गए।
पहली बार नहीं हुए नर्वस 90 का शिकार
गिल के लिए नर्वस 90 का शिकार होना कोई नई बात नहीं है। टेस्ट क्रिकेट में वह अब तक चार बार 90 से 99 रन के बीच अपना विकेट गंवा चुके हैं। इससे पहले उन्होंने 2021 में ब्रिस्बेन में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 91, 2024 में राजकोट में इंग्लैंड के खिलाफ 91 और उसी साल मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में न्यूजीलैंड के खिलाफ 90 रन बनाए थे। वेलिंगटन में 98 रन की पारी इस सूची में उनका चौथा मौका है।
भारत की ओर से टेस्ट कप्तान रहते हुए सबसे ज्यादा बार नर्वस 90 का शिकार होने का रिकॉर्ड एमएस धोनी के नाम है। वह चार बार इस स्थिति का शिकार हुए हैं। सचिन तेंदुलकर दो बार नर्वस 90 का शिकार हुए, जबकि नारी कॉन्ट्रैक्टर, मंसूर अली खान पटौदी, अजीत वाडेकर, कपिल देव, मोहम्मद अजहरुद्दीन, सौरव गांगुली, राहुल द्रविड़, विराट कोहली और शुभमन गिल एक-एक बार इस अनचाहे रिकॉर्ड का हिस्सा बने हैं।
भारतीय बल्लेबाजों का दिखा दम
मैच की बात करें तो तीसरा दिन पूरी तरह भारतीय बल्लेबाजों के नाम रहा और कीवी गेंदबाजों को आज सिर्फ तीन ही सफलता मिली। भारत के लिए केएल राहुल ने शतकीय पारी खेली, जबकि कप्तान शुभमन गिल दो रन से शतक लगाने से चूक गए। दिन के खेल की समाप्ति तक भारत ने पहली पारी में चार विकेट पर 486 रन बनाए हैं और उसे 118 रन की बढ़त मिल चुकी है। स्टंप्स के समय ऋषभ पंत 55 और नाइट वॉचमैन के तौर पर उतरे अंशुल कंबोज खाता खोले बिना क्रीज पर मौजूद थे।