Etah News:चोरी के मामले में दोषी को 15 माह की कैद, 10 हजार जुर्माना – In A Theft Case, The Guilty Party Is Sentenced To 15 Months In Prison And Fined 10,000
एटा। चोरी के सात साल पुराने मामले में न्यायालय ने दोषी को एक वर्ष तीन माह के कारावास की सजा सुनाई है। साथ ही 10 हजार रुपये का अर्थदंड भी लगाया है।
पुलिस के अनुसार तीन दिसंबर 2019 को वादी ने कोतवाली नगर में प्राथमिकी दर्ज कराई थी। इसमें डिजिटल कैमरा, प्रिंटर, इनवर्टर, बैटरी और लाइट समेत अन्य सामान चोरी होने की शिकायत की गई थी। पुलिस ने चोरी की प्राथमिकी दर्ज कर विवेचना की और साक्ष्य संकलित करने के बाद आरोप पत्र न्यायालय में दाखिल किया था। मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट न्यायालय ने दोषी सौरभ यादव निवासी गांव निधौली खुर्द थाना रिजोर को दंडित किया है।
गैंगस्टर एक्ट के दोषी को दो साल का कारावास
एडीजे-3 गैंगस्टर एक्ट कोर्ट ने सुनाई सजा, पांच हजार रुपये का अर्थदंड भी लगाया
संवाद न्यूज एजेंसी
एटा। गैंगस्टर एक्ट के एक मामले में शुक्रवार को न्यायालय ने दोषी को दो वर्ष के सश्रम कारावास की सजा सुनाई है। साथ ही पांच हजार रुपये का अर्थदंड भी लगाया है।
कोतवाली नगर में चार जून 2018 को समाज विरोधी गतिविधियों के आरोप में साजन उर्फ वीडी पुत्र करुआ निवासी हिंदूनगर के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई थी। विवेचना पूरी करने के बाद पुलिस ने एक जुलाई 2019 को न्यायालय में आरोप पत्र दाखिल किया था। मामले की सुनवाई के दौरान मॉनीटरिंग सेल और अभियोजन पक्ष ने प्रभावी पैरवी की। इसके बाद शुक्रवार को एडीजे-3 गैंगस्टर एक्ट कोर्ट ने आरोपी साजन उर्फ वीडी को दोषी ठहराते हुए दो वर्ष के सश्रम कारावास और पांच हजार रुपये अर्थदंड की सजा सुनाई।
धमकी देने के मामले में दोषी पिता-पुत्र को तीन-तीन साल की सजा
सीजेएम न्यायालय ने सुनाया फैसला, दोनों पर दो-दो हजार रुपये का अर्थदंड भी लगाया
संवाद न्यूज एजेंसी
एटा। जान से मारने की धमकी देने के मामले में सीजेएम न्यायालय ने दोषी पिता-पुत्र को तीन-तीन साल के कारावास की सजा सुनाई है। न्यायालय ने दोनों पर दो-दो हजार रुपये का अर्थदंड भी लगाया है।
कोतवाली नगर क्षेत्र के जीटी रोड स्थित शिवओमपुरी निवासी अजय और उसके पिता सुरेश चंद के खिलाफ 21 जुलाई 2018 को जान से मारने की धमकी देने के आरोप में प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी। पुलिस ने मामले की विवेचना पूरी कर दोनों आरोपियों के खिलाफ आरोप पत्र न्यायालय में दाखिल किया था।
मामले की सुनवाई के दौरान मॉनीटरिंग सेल और अभियोजन पक्ष की ओर से प्रभावी पैरवी की गई। प्रस्तुत साक्ष्यों और गवाहों के आधार पर सीजेएम न्यायालय ने शुक्रवार को दोनों दोषियों अजय और सुरेश चंद को दोषी करार देते हुए तीन-तीन साल के कारावास और दो-दो हजार रुपये अर्थदंड की सजा सुनाई।
