बोधगया में कठिन चीवरदान समारोह:पांच देशों के हजारों श्रद्धालु जुटे; क्या है तीन महीने की साधना की परंपरा? – Bodh Gaya Kathina Chiwar Daan Ceremony Thousands Of Buddhist Devotees Gather Mahabodhi Temple Today Bihar News
भगवान बुद्ध की ज्ञानस्थली बोधगया में तीन महीने के वर्षावास की साधना पूरी होने के बाद कठिन चीवरदान समारोह के साथ बौद्ध परंपरा और आध्यात्मिक आस्था का अनूठा संगम देखने को मिला। महाबोधि महाविहार में आयोजित इस विशेष धार्मिक आयोजन में थाईलैंड, श्रीलंका, म्यांमार, वियतनाम और कंबोडिया समेत कई देशों से पहुंचे हजारों बौद्ध श्रद्धालुओं और भिक्षुओं ने हिस्सा लिया। नए चीवर (वस्त्र) अर्पित करने की परंपरा के बीच महाबोधि परिसर बुद्धमय हो उठा।
तीन महीने की साधना के बाद निभाई गई सदियों पुरानी परंपरा
बोधगया स्थित महाबोधि सोसाइटी ऑफ श्रीलंका के बौद्ध मठ के प्रबंधक पी. शिवली थेरो ने बताया कि बौद्ध धर्म में वर्षावास का विशेष धार्मिक और आध्यात्मिक महत्व है। इस परंपरा के तहत भगवान बुद्ध को मानने वाले भिक्षु और अनुयायी तीन महीने तक किसी एक स्थान पर रहकर साधना, ध्यान और धर्मचर्चा करते हैं। इस अवधि में भिक्षु एक स्थान पर रहकर आध्यात्मिक अभ्यास करते हैं। वर्षावास समाप्त होने के बाद कठिन चीवरदान समारोह आयोजित किया जाता है।
इस समारोह में बौद्ध श्रद्धालु भिक्षुओं को नए वस्त्र यानी चीवर और दैनिक उपयोग की आवश्यक सामग्री दान करते हैं। इसे केवल वस्त्र दान नहीं, बल्कि त्याग, सेवा, दया, करुणा और श्रद्धा का प्रतीक माना जाता है। इसी परंपरा के निर्वहन के लिए देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालु बोधगया पहुंचे।
जीव-जंतुओं की रक्षा के भाव से शुरू हुआ वर्षावास
अखिल भारतीय भिक्षु संघ के कोषाध्यक्ष ज्ञानदीप ने बताया कि वर्षावास की परंपरा भगवान बुद्ध के समय से चली आ रही है। इसके पीछे जीव-जंतुओं के प्रति दया और करुणा का गहरा संदेश छिपा है। उन्होंने बताया कि बारिश के मौसम में सड़कों और रास्तों पर छोटे-छोटे कीड़े-मकोड़े तथा अन्य जीव-जंतु निकल आते हैं। ऐसे में लगातार पैदल विचरण करने से उनके कुचलकर मरने की आशंका रहती थी। जीवों को नुकसान न पहुंचे, इस उद्देश्य से भगवान बुद्ध के अनुयायियों ने वर्षा ऋतु के तीन महीने एक ही स्थान पर रहकर साधना करने की परंपरा अपनाई।
दान, ध्यान और करुणा का दिया गया संदेश
वर्षावास की समाप्ति के बाद आयोजित कठिन चीवरदान समारोह में श्रद्धालु भिक्षुओं को नए चीवर और जरूरत की अन्य सामग्री भेंट करते हैं। इस दौरान बौद्ध धर्म की परंपराओं के अनुसार धार्मिक अनुष्ठान और पूजा-अर्चना की जाती है। श्रद्धालु भगवान बुद्ध के प्रति अपनी आस्था प्रकट करते हुए विश्व शांति, मानव कल्याण और सभी जीवों के सुख की कामना करते हैं।
वर्षावास खत्म होते ही अंतरराष्ट्रीय पर्यटन का केंद्र बना बोधगया
वर्षावास की समाप्ति के बाद बोधगया में एक बार फिर अंतरराष्ट्रीय बौद्ध पर्यटन की रौनक बढ़ने लगी है। थाईलैंड, श्रीलंका, म्यांमार, वियतनाम और कंबोडिया सहित विभिन्न बौद्ध देशों से श्रद्धालुओं का आगमन हो रहा है। महाबोधि महाविहार में पूजा-अर्चना और भगवान बुद्ध के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ जुट रही है। कठिन चीवरदान समारोह ने एक बार फिर बोधगया की वैश्विक धार्मिक पहचान को सामने ला दिया है। यह आयोजन केवल धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि दुनिया को अहिंसा, जीवों के प्रति संवेदना, त्याग, दान और करुणा का संदेश देने वाली भगवान बुद्ध की शिक्षाओं का जीवंत उदाहरण भी है।
