रविवार, 29 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
महाराजगंज

Maharajganj News:मधवलिया गोसदन को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने के दिए निर्देश – Dm Inspected The Madhvaliya Gosadan

November 21, 2026


निचलौल। जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जीएन ने शनिवार को गोसदन मधवलिया का निरीक्षण कर गोवंशों के संरक्षण, चारा-पानी, स्वास्थ्य और अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने गोसदन को आत्मनिर्भर और आदर्श के रूप में विकसित करने के लिए कार्ययोजना तैयार कर प्रभावी ढंग से लागू करने का निर्देश दिया।

निरीक्षण के दौरान मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. एजाज अहमद ने बताया कि गोसदन में कुल 738 गोवंश संरक्षित हैं। इनमें 582 नंदी और 156 गाएं हैं। इनके लिए 1033 कुंतल भूसा, 134 कुंतल पशु आहार और 24 कुंतल साइलेज उपलब्ध है। हरे चारे की नियमित आपूर्ति के लिए छह किसानों से अनुबंध किया गया है।

डीएम ने सभी गोवंशों का नियमित स्वास्थ्य परीक्षण कराने, बीमार पशुओं के समुचित उपचार, परिसर में साफ-सफाई और सीसीटीवी कैमरों को क्रियाशील रखने का निर्देश दिया। उन्होंने वर्मी कंपोस्ट उत्पादन एवं बिक्री को बढ़ावा देने के लिए प्रभावी बाजार व्यवस्था विकसित करने पर जोर दिया। बीडीओ संतोष कुमार यादव ने बताया कि स्वयं सहायता समूह की महिलाएं वर्मी कंपोस्ट खाद का उत्पादन और बिक्री कर रही हैं। गोबर से गोकाष्ठ भी बनाया जा रहा है। डीएम ने इन गतिविधियों को विस्तार देकर गोसदन को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान डीएम ने गोवंशों को गुड़, केला और चना खिलाकर विधिवत पूजन भी किया। इस दौरान मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. एजाज अहमद, बीडीओ संतोष कुमार यादव, एडीओ पंचायत गुड्डू प्रसाद, सचिव वेंकटेश्वर पटेल सहित अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X