Balrampur News:जमीन जोतने गए मामा-भांजे पर लाठी-डंडों से हमला – Uncle And Nephew Attacked With Sticks And Clubs While Out To Till The Land
बलरामपुर। देहात क्षेत्र के विशुनापुर गांव में जमीन जोतने गए मामा-भांजे पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया गया। हमले में भांजा गंभीर रूप से घायल होकर बेहोश हो गया। उसे संयुक्त जिला चिकित्सालय से लखनऊ मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया है। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने नामजद और अज्ञात आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
फुलवरिया बाईपास विशुनापुर निवासी अतीउल्ला ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि विशुनापुर स्थित कांशीराम आवास के सामने उसकी जमीन है। 18 नवंबर को दोपहर करीब 12:30 बजे वह अपने भांजे सदलू के साथ ट्रैक्टर से खेत की जुताई कराने गया था। आरोप है कि वहां पहले से घात लगाए बैठे सत्य प्रकाश पांडेय, राम प्रकाश पांडेय, विष्णु कुमार और प्रहलाद समेत तीन-चार अज्ञात लोगों ने दोनों पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया।
हमले में सदलू गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर ही बेहोश हो गया। आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए ट्रैक्टर को भी क्षतिग्रस्त कर दिया और जान-माल की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए। सूचना पर पहुंची डायल 112 की टीम ने घायल को संयुक्त जिला चिकित्सालय पहुंचाया। हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उसे लखनऊ मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया।
सीओ अभिषेक सिंह ने बताया कि मामले में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। पुलिस टीम आरोपियों की तलाश कर रही है।
