Ghazipur News:607 शिकायतों में से 58 का ही समाधान जमीन की पैमाइश के मामले ज्यादा आए – Out Of 607 Complaints, Only 58 Have Been Resolved; A Large Number Of The Complaints Related To Land Measurement
गंगौली। जनसमस्याओं के त्वरित निस्तारण के लिए शनिवार को जिले की सभी तहसीलों में संपूर्ण समाधान दिवस पर कुल 607 शिकायतें आईं। जिनमें 58 का ही मौके पर निपटारा किया गया।
वहीं, कासिमाबाद में जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला और पुलिस अधीक्षक विनय सिंह की अध्यक्षता में समाधान दिवस आयोजित होना था। लेकिन उनके नहीं पहुंचने पर उपजिलाधिकारी और क्षेत्राधिकारी ने ही लोगों की शिकायतें सुनीं। कासिमाबाद ब्लॉक सभागार में शनिवार को आयोजित समाधान दिवस में उपजिलाधिकारी के साथ क्षेत्राधिकारी अनुभव राजर्षि ने फरियादियों की समस्याएं सुनीं। कई फरियादियों का कहना था कि वे स्थानीय अधिकारियों के यहां कई बार गुहार लगा चुके हैं, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हुआ।
ऐसे में उन्हें जिलाधिकारी से न्याय मिलने की उम्मीद थी। उच्चाधिकारियों के नहीं पहुंचने से कुछ लोग निराश होकर वापस लौट गए। समाधान दिवस में अवैध कब्जे, भूमि विवाद, सड़क, नाली, बिजली और पुलिस विभाग से संबंधित शिकायतें प्रमुखता से सामने आईं।
वहीं, जन्म प्रमाणपत्र बनवाने के लिए छह महीने से दौड़ लगा रहे फरियादी ने भी अपनी समस्या रखी। कई लोगों ने राजस्वकर्मियों पर मनमाने ढंग से पैमाइश और पत्थर नसब करने का आरोप लगाया। शिकायतों के बावजूद वर्षों से समस्याओं का समाधान नहीं होने से फरियादियों में नाराजगी दिखी।
जिले की अन्य तहसीलों में भी समाधान दिवस आयोजित हुआ। जारी सूचना के अनुसार, सदर तहसील में 188 प्रार्थनापत्र मिले, जिनमें 20 का मौके पर निस्तारण हुआ। जमानिया में 85 में आठ, मोहम्मदाबाद में 60 में नौ, जखनियां में 91 में पांच, सेवराई में 53 में चार और सैदपुर में 50 में दो शिकायतों का निस्तारण किया गया। संबंधित उपजिलाधिकारियों ने फरियादियों की समस्याएं सुनकर अधिकारियों को शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निस्तारण करने के निर्देश दिए।
